Saturday, July 25, 2026

नगर निगम भिलाई का ARI निलंबित कार्यालय परिसर में ताश खेलते हुए पकड़ाया

भिलाई : न्यूज़ 36 : नगर पालिक निगम भिलाई ने कार्यालय परिसर में ड्यूटी के दौरान ताश खेलते पाए जाने पर सहायक राजस्व निरीक्षक विकास सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस संबंध में निगम आयुक्त ने आदेश जारी किया है।

आदेश के अनुसार, विकास सिंह को 21 जुलाई 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। उन्होंने 22 जुलाई को अपना जवाब प्रस्तुत किया, लेकिन निगम प्रशासन ने उसे असंतोषजनक माना।

जांच में पाया गया कि कार्यालयीन समय के दौरान मुख्य कार्यालय परिसर में तहसील कार्यालय के सामने विकास सिंह अपने शासकीय दायित्वों के विपरीत ताश-पत्ती खेलते हुए पाए गए। निगम प्रशासन ने इसे अनुशासनहीनता मानते हुए कहा कि इस कृत्य से नगर निगम की छवि धूमिल हुई है तथा यह छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 का उल्लंघन है।
इसी आधार पर निगम आयुक्त सुश्री सुरुचि सिंह ने विकास सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय जोन क्रमांक-4, शिवाजी नगर निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।

नगर निगम प्रशासन की इस कार्रवाई को शासकीय कार्यालयों में अनुशासन और कार्य संस्कृति बनाए रखने की दिशा में सख्त कदम माना जा रहा है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news