भिलाई : न्यूज़ 36 : दुर्ग जिले के अहिवारा क्षेत्र में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से संचालित जर्दा युक्त पान मसाला फैक्ट्री को सील कर दिया है। यह कार्रवाई नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन छत्तीसगढ़, रायपुर के निर्देश पर की गई।
जानकारी के अनुसार, उपसंचालक डॉ. मनोज दानी एवं अभिहीत अधिकारी जितेन्द्र कुमार नेले के मार्गदर्शन में टीम ने ग्राम भिरेभाठ, थाना नंदिनी क्षेत्र में निरीक्षण किया। जांच के दौरान “मुसाफिर” ब्रांड नाम से स्वास्थ्य के लिए हानिकारक जर्दा युक्त पान मसाला का निर्माण करते हुए पाया गया।
मौके से विक्रय के लिए तैयार 51 कट्टी पान मसाला जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत ₹3,18,240 बताई जा रही है। फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ करने पर निर्माणकर्ता के संबंध में कोई स्पष्ट आनकारी नहीं मिल सकी।
निर्माणकर्ता की अनुपस्थित्ति के चलते अभिहीत अधिकारी के निर्देश पर एरिया अधिकारी रिचा शर्मा ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 (संशोधित 2011) के तहत फैक्ट्री को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्वास्थ्य के लिए हानिकारक उत्पादों के निर्माण एवं बिक्री पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
