भिलाई : न्यूज़ 36 : दुर्ग पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन विश्वास” के तहत बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए 11 थाना क्षेत्रों में एक साथ दबिश देकर अवैध शराब के परिवहन और बिक्री में संलिप्त 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 590 पौवा अवैध शराब, 60,550 रुपये नगद और 09 दुपहिया वाहन सहित कुल 4.50 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 17 और 18 जुलाई को नंदिनी नगर, उतई, जामगांव (आर), अमलेश्वर, जामुल, पद्मनाभपुर, नेवई, पुलगांव, दुर्ग, धमधा और सुपेला थाना क्षेत्रों के 18 अलग-अलग स्थानों पर एक साथ कार्रवाई की गई।
इस दौरान अवैध शराब की बिक्री और परिवहन में लगे लोगों को रंगे हाथों पकड़ा गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 590 पौवा शराब, शराब बिक्री से प्राप्त 60,550 रुपये तथा अपराध में प्रयुक्त 09 स्कूटी और मोटरसाइकिल जब्त कीं। सभी
आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अवैध रूप से शराब की तस्करी और बिक्री कर आर्थिक लाभ कमा रहे थे। मुखबिर सूचना और योजनाबद्ध रणनीति के तहत पुलिस ने एक साथ दबिश देकर यह कार्रवाई की।
इस संयुक्त अभियान में नंदिनी नगर, उतई, जामगांव (आर), अमलेश्वर, जामुल, पद्मनाभपुर, नेवई, पुलगांव, दुर्ग, धमधा और सुपेला थाना प्रभारियों सहित पुलिस स्टाफ, साइबर टीम और पेट्रोलिंग दल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब, मादक पदार्थों और अन्य नशे से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से ऐसे अपराधों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
