प्रबंधन समितियां ने सरोपा पहनाकर किया इंद्रजीत का सम्मान
भिलाई : न्यूज़ 36 : गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर भिलाई में धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। इस पावन अवसर पर सर्व समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष एवं युवा ट्रांसपोर्टर इंद्रजीत सिंह छोटू अपनी धर्मपत्नी और समिति के सदस्यों के साथ नेहरू नगर स्थित गुरुद्वारा एवं सेक्टर-6 गुरुद्वारे पहुंचे। दोनों गुरुद्वारों में उन्होंने गुरु साहिब के समक्ष शीश नवाकर आशीर्वाद लिया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
इस दौरान इंद्रजीत सिंह छोटू ने गुरुद्वारों में आयोजित कीर्तन में शामिल होकर गुरु वाणी का श्रवण किया। उन्होंने संगत के साथ बैठकर धार्मिक वातावरण में समय बिताया और गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया। साथ ही श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की और लंगर ग्रहण कर सेवा एवं समर्पण की परंपरा में सहभागिता निभाई।
इस मौके पर इंद्रजीत सिंह छोटू ने कहा कि गुरु नानक देव जी का जीवन और उनकी शिक्षाएं पूरी दुनिया को मानवता का रास्ता दिखाती हैं। उनका संदेश है कि इंसान की पहचान उसके कर्मों और व्यवहार से होती है, न कि जाति या धर्म से। समाज में प्रेम, समानता और आपसी भाईचारा बनाए रखना ही गुरु साहिब के विचारों को सच्चे अर्थों में अपनाना है।
उन्होंने कहा कि गुरुद्वारों की सेवा और लंगर की परंपरा समाज को एक सूत्र में बांधती है। यहां हर व्यक्ति बिना किसी भेदभाव के एक साथ बैठकर लंगर ग्रहण करता है। यही समानता और सामाजिक सद्भाव का सबसे सुंदर उदाहरण है।
इंद्रजीत सिंह छोटू ने प्रकाश पर्व पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए गुरु नानक देव जी के बताए सेवा, सत्य और मानवता के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
इस अवसर पर सर्व समाज कल्याण समिति के सदस्य, गुरुद्वारा प्रबंधन समितियों के पदाधिकारी, सिख समाज के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
