Tuesday, June 30, 2026

भिलाई इस्पात संयंत्र में नेहरू पुरस्कार वितरण समारोह का द्वितीय चरण संपन्न

भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई इस्पात संयंत्र की ऐतिहासिक नेहरू अवार्ड योजना के अंतर्गत वर्ष 2025 के लिए नेहरू पुरस्कार वितरण समारोह का द्वितीय एवं अंतिम चरण दिनांक 29 जून 2026 को संपन्न हुआ। दो दिवसीय इस पुरस्कार वितरण समारोह के दूसरे दिन संयंत्र के विभिन्न विभागों के 34 समूहों के कुल 266 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके सामूहिक उत्कृष्ट योगदान के लिए जवाहर लाल नेहरू समूह पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं प्रथम चरण में 274 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया था, इस प्रकार दोनों चरणों में कुल 540 पुरस्कार विजेताओं को नेहरू अवार्ड योजना के अंतर्गत सम्मानित किया गया। इस पुरस्कार योजना का उद्देश्य उत्कृष्ट कार्य निष्पादन, नवाचार एवं टीम भावना को प्रोत्साहित करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों के योगदान का सम्मान करना है।

समारोह के मुख्य अतिथि कार्यकारी निदेशक प्रभारी (बीएसपी) एवं कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन)  अजय कुमार चक्रवर्ती रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा)  प्रवीण निगम, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार, कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं)  प्रबीर कुमार सरकार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रभारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. विनीता द्विवेदी तथा कार्यकारी कार्यपालक निदेशक (संकार्य) तुषार कांत उपस्थित रहे। समारोह में संयंत्र के वरिष्ठ अधिकारीगण, ऑफिसर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी, विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि, पुरस्कार विजेता तथा उनके परिजन भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि अजय कुमार चक्रवर्ती ने सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि समूह पुरस्कार संगठन में सामूहिक कार्यसंस्कृति, परस्पर विश्वास तथा टीम भावना का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी बड़ी उपलब्धि के पीछे टीम के प्रत्येक सदस्य का योगदान महत्वपूर्ण होता है और इसी भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से समूह पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सम्मानित समूह भविष्य में भी उत्कृष्ट कार्य करते हुए अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगे तथा संयंत्र की प्रगति में अपना महत्वपूर्ण योगदान देते रहेंगे। साथ ही उन्होंने सभी से आग्रह किया कि आप हमेशा कुछ नया सीखते रहिए, ये आदत ही आपको जीवन में सफलता दिलाएगी।

कार्यक्रम के प्रारंभ में महाप्रबंधक प्रभारी (मानव संसाधन) जे. एन. ठाकुर ने उपस्थित अतिथियों, पुरस्कार विजेताओं एवं उनके परिजनों का स्वागत करते हुए नेहरू पुरस्कार योजना की विशेषताओं तथा द्वितीय चरण के पुरस्कारों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने सभी सम्मानित समूहों को शुभकामनाएं देते हुए उत्कृष्ट कार्य संस्कृति एवं टीम भावना को और अधिक सुदृढ़ करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन) सुश्री प्रियंका मीणा ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन सहायक प्रबंधक (मानव संसाधन) सुश्री अंजना विनोद ने प्रस्तुत किया। प्रशस्ति पत्र हेतु पुरस्कार विजेताओं के नामों का वाचन उप प्रबंधक (मानव संसाधन) सुश्री समायला अंसारी तथा सहायक प्रबंधक (मानव संसाधन)  मिहिर मनोहर द्वारा किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में इस्पात बिरादरी के सदस्य एवं पुरस्कार विजेताओं के परिजन उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि भिलाई इस्पात संयंत्र की नेहरू अवार्ड योजना संगठन की सबसे पुरानी एवं प्रतिष्ठित पुरस्कार योजनाओं में से एक है, जिसके माध्यम से उत्कृष्ट व्यक्तिगत एवं सामूहिक योगदान को सम्मानित कर संगठन में उत्कृष्ट कार्य संस्कृति, नवाचार तथा टीम भावना को निरंतर प्रोत्साहित किया जाता है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news