भिलाई : न्यूज़ 36 : कैंप-2 स्थित रविदास नगर, वार्ड क्रमांक 37 में पिछले कई महीनों से बनी पेयजल समस्या को लेकर मोहल्लेवासियों ने भाजपा के जिला कार्यकारिणी सदस्य चंद्र प्रकाश आर्य (मुन्ना आर्य) के नेतृत्व में नगर पालिक निगम भिलाई की आयुक्त सुश्री सुरुचि सिंह को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया है कि वार्ड क्रमांक 37 के रविदास नगर क्षेत्र में करीब 3 से 4 महीनों से पेयजल का गंभीर संकट बना हुआ है। अजय कोलते के घर से पुलिया तक, वंदन पाल ठेला हनुमान मंदिर से गोरेश गवरे के घर तक तथा शीतला मंदिर से बबलन के घर तक शिवनाथ पाइपलाइन से नियमित पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। इसके चलते स्थानीय लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।मोहल्लेवासियों ने आयुक्त को सौंपे ज्ञापन में मांग की कि क्षेत्र की पेयजल समस्या का जल्द से जल्द स्थायी समाधान किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य चंद्र प्रकाश आर्य (मुन्ना आर्य) ने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा से नागरिकों को लंबे समय तक वंचित रखना उचित नहीं है। उन्होंने निगम प्रशासन से तत्काल आवश्यक कदम उठाकर प्रभावित क्षेत्र में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में रविदास नगर के निवासी उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे जनहित में आगे भी आंदोलनात्मक कदम उठाने को बाध्य होंगे।
