भिलाई : न्यूज़ 36 : श्री शंकराचार्य प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में प्रबंधन एवं वाणिज्य संकाय के द्वारा “रोजगार मार्गदर्शन एवं अवसर” पर व्याख्यान का आयोजन किया गया। विभागाध्यक्ष डॉ० नेहा सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्यार्थियों को वर्तमान समय में उपलब्ध रोजगार के विविध क्षेत्रों, उद्योगों की अपेक्षाओं, कौशल विकास, व्यक्तित्व निर्माण तथा साक्षात्कार की तैयारी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गयी। मुख्य वक्ता विशेषज्ञ सिद्धार्थ मेहता ने बताया कि केवल शैक्षणिक ज्ञान के साथ साथ संचार कौशल, नेतृत्व क्षमता, उद्योग संबंधी जानकारी, बाज़ार की मांग, डिजिटल ज्ञान जैसे गुण भी रोजगार प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. स्मिता सेलट ने इस आयोजन के संबंध में कहा कि विद्यार्थियों को उद्योग जगत की वास्तविक आवश्यकताओं से परिचित कराने इस प्रकार के सेमीनार लाभप्रद होते हैं। उन्होंने छात्रों को निरंतर कौशल विकास और सकरात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने रोजगार से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा विस्तार से उत्तर दिया गया। साथ ही विद्यार्थियों को इंटर्नशिप, स्टार्टअप, उद्यमिता तथा कॉर्पोरेट सेक्टर में उपलब्ध अवसरों के बारे में अवगत कराया गया।
वाणिज्य संकाय अध्यक्ष डॉ. संजू सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को बाजार की मांग और उद्योग जगत की गतिविधियों की जानकारी सतत् रूप से रखनी चाहिए जिससे वे उन क्षेत्रों के लिए अपने सार्थक प्रयास कर सकें जिससे सफलता सुनिश्चित रहे। संप्रेषण कला और डिजिटल जागरुकता भी रोजगार चयन में आवश्यक है। उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ प्रोजेक्ट एवं प्रायोगिक कार्यों में गंभीरता से कार्य करने का आव्हान किया जो भविष्य में उनके लिए मदद्गार होगा। इस अवसर पर डॉ. सुमन पांडे, डॉ. रेशु चौरसिया, डॉ. विमल कुमार, डॉ. प्रशांत सुद्दल्वार सहित बड़ी संख्या में प्राध्यापक एवं विद्यार्थी उपस्तिथ थे।
