Friday, September 18, 2026

अंजोरा में रात चाकूबाजी, दो युवकों पर हमला कर नकदी-मोबाइल लूट ले गए बदमाश

महमरा क्षेत्र में मछली पकड़ने गए थे तीन युवक, चिलम मांगने से शुरु हुआ विवाद; पुलिस ने शुरू की अज्ञात आरोपियों की तलाश

दुर्ग : न्यूज 36 : अंजोरा चौकी क्षेत्र के महमरा इलाके में देर रात करीब 3 बजे दो युवकों के साथ चाकूबाजी और लूट की घटना सामने आई है। बाइक सवार दो अज्ञात युवकों पर तीन मछुआरों से विवाद के बाद चाकू से हमला करने और नकदी, मोबाइल फोन तथा बाइक की चाबी लूट ले गए है। घटना में कमल निषाद (28) और लोकेश निषाद (23) के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

बताया गया है कि तीनों युवक रात में महमरा क्षेत्र में मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान बाइक से पहुंचे दो अज्ञात युवकों ने उनसे गांजा पीने के लिए चिलम मांगी और बातचीत की। मछुआरों द्वारा चिलम देने से इनकार करने के बाद दोनों युवक वहां से चले गए।

पीड़ितों के मुताबिक, कुछ देर बाद दोनों युवक दोबारा मौके पर पहुंचे और चाकू से हमला कर दिया। हमले में कमल निषाद के कूल्हे और लोकेश निषाद की जांघ में चोट लगने की बात सामने आई है।

आरोप है कि हमलावरों ने तीनों युवकों के पास रखे करीब 1,000 से 1,200 रुपये, मोबाइल फोन और बाइक की चाबी भी ले ली। घटना के बाद तीनों किसी तरह मौके से निकलकर अंजोरा चौकी पहुंचे और पुलिस को शिकायत दी।

नगर पुलिस अधीक्षक हर्षित मेहर के मुताबिक, मामले में पीड़ितों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस अज्ञात आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है। घटना के बाद क्षेत्र में रात के समय पुलिस पेट्रोलिंग व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान के लिए उपलब्ध जानकारी के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news