Sunday, May 31, 2026

पत्रकार लोकतंत्र के सच्चे सेनानी’, हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूरे होने पर बोले:C M

रायपुर : न्यूज़ 36 : हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राजधानी रायपुर में आयोजित ‘पत्रकारिता गौरव मार्तंड उत्सव’ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पत्रकारों को लोकतंत्र का सच्चा प्रहरी बताते हुए उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि पत्रकार कठिन परिस्थितियों में भी निष्पक्षता और समर्पण के साथ समाज तक सूचनाएं पहुंचाते हैं तथा जनमत निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं।

वीआईपी रोड स्थित राम मंदिर परिसर के सुंदर सदन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मीडिया की सकारात्मक आलोचना केवल व्यक्तियों को ही नहीं, बल्कि सरकार और प्रशासन को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र की मजबूत आधारशिला है और समाज को सही दिशा देने में इसकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

हिंदी पत्रकारिता की 200 साल की गौरवशाली यात्रा

मुख्यमंत्री ने 30 मई 1826 को प्रकाशित देश के पहले हिंदी समाचार पत्र ‘उदंत मार्तंड’ का उल्लेख करते हुए कहा कि हिंदी पत्रकारिता की दो शताब्दियों की यह यात्रा देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर सामाजिक बदलाव तक पत्रकारिता ने हमेशा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

छत्तीसगढ़ की पत्रकारिता परंपरा का किया उल्लेख

सीएम साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ ने देश को कई प्रतिष्ठित पत्रकार और संपादक दिए हैं, जिन्होंने पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान की। उन्होंने माधवराव सप्रे, मायाराम सुरजन, ललित सुरजन सहित कई वरिष्ठ पत्रकारों के योगदान को याद करते हुए कहा कि प्रदेश की पत्रकारिता परंपरा हमेशा प्रेरणादायी रही है।

बस्तर की बदलती तस्वीर में मीडिया की भूमिका अहम

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में नक्सलवाद के खिलाफ चल रही मुहिम और बस्तर के बदलते स्वरूप को देश-दुनिया तक पहुंचाने में मीडिया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि आज बस्तर केवल संघर्ष की पहचान नहीं, बल्कि पर्यटन, विकास और नई संभावनाओं के केंद्र के रूप में उभर रहा है।

पत्रकारिता को तथ्यात्मक और शोधपरक बनाए रखने की जरूरत

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता वरिष्ठ पत्रकार एवं इंडिया हैबिटेट सेंटर के डायरेक्टर डॉ. केजी सुरेश ने कहा कि सोशल मीडिया और नागरिक पत्रकारिता के दौर में पत्रकारिता को तथ्य आधारित और शोधपरक बनाए रखना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इससे मीडिया की विश्वसनीयता और सामाजिक जिम्मेदारी और अधिक मजबूत होगी।

पत्रकारिता क्षेत्र के दिग्गजों का सम्मान

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले वरिष्ठ पत्रकारों को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया। साथ ही हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूरे होने पर प्रकाशित विशेषांक, पत्रकार डायरेक्टरी और पुस्तक ‘मैं अगहन हूं’ का विमोचन भी किया गया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, मुख्यमंत्री के सलाहकार कृष्णा दास, विधायक पुरंदर मिश्रा, छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, सीएसआईडीसी के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष श्रीमती वर्णिका शर्मा, राम मंदिर ट्रस्ट के उपाध्यक्ष सुनील रामदास, रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, प्रेस क्लब के पदाधिकारीगण, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news