160 इंटर्नशिप के लक्ष्य के तहत अब तक 109 इंटर्न ने ग्रहण किया कार्यभार
भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के मानव संसाधन-ज्ञानार्जन एवं विकास (एचआर-एलएंडडी) विभाग द्वारा प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना (पीएमआईएस) के तहत 68 इंटर्न की जॉइनिंग की प्रक्रिया पूरी की गई। संयंत्र में इस योजना के तहत कुल 160 इंटर्नशिप का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके तहत अब तक 109 इंटर्न कार्यभार ग्रहण कर चुके हैं।
इंटर्न की जॉइनिंग प्रक्रिया के तहत एचआर-एलएंडडी विभाग द्वारा दस्तावेजों का सत्यापन एवं आवश्यक प्रारंभिक औपचारिकताएं पूरी की गईं। जॉइनिंग करने वाले इंटर्न विभिन्न भूमिकाओं में कार्य करेंगे। इनमें प्रशासन इंटर्न, एमएलटी इंटर्न, प्रोग्रामिंग असिस्टेंट, कार्यालय इंटर्न, मल्टी टास्किंग स्टाफ तथा एचआर इंटर्न शामिल हैं।
कार्यक्रम के तहत इंटर्न को एचआर-एलएंडडी विभाग में दो दिवसीय परिचयात्मक प्रशिक्षण दिया गया। इसके पश्चात उन्हें तीन दिवसीय संयंत्र भ्रमण कराया गया। संयंत्र भ्रमण पूरा होने के बाद इंटर्न को संयंत्र के विभिन्न विभागों में पदस्थ किया जा रहा है।
परिचयात्मक प्रशिक्षण के दौरान इंटर्न को संयंत्र के संगठनात्मक वातावरण, कार्यस्थल की अपेक्षाओं, व्यावसायिक आचरण एवं औद्योगिक सुरक्षा के संबंध में जानकारी दी गई। वहीं, संयंत्र भ्रमण के माध्यम से उन्हें औद्योगिक परिचालन, उत्पादन प्रक्रियाओं तथा विभिन्न विभागों के कार्यों को करीब से समझने का अवसर मिला। इससे उन्हें अपने शैक्षणिक ज्ञान को व्यावहारिक कार्यों से जोड़ने में सहायता मिलेगी।
कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय द्वारा संचालित प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना का उद्देश्य युवाओं को वास्तविक व्यावसायिक वातावरण में कार्य करने का अनुभव प्रदान करना तथा शिक्षा और उद्योग की आवश्यकताओं के बीच की दूरी को कम करना है। यह योजना युवाओं के कौशल विकास, कार्यस्थल के लिए तैयारी और रोजगार की संभावनाओं को बढ़ाने की दिशा में कार्य करती है।
बीएसपी का एचआर-एलएंडडी विभाग दस्तावेज सत्यापन, इंटर्न के पंजीयन एवं जॉइनिंग, परिचयात्मक प्रशिक्षण तथा संयंत्र भ्रमण के समन्वय के माध्यम से योजना के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस पहल से युवाओं को औद्योगिक कार्यप्रणाली को समझने और भविष्य की व्यावसायिक भूमिकाओं के लिए आवश्यक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है।
