भिलाई : न्यूज़ 36 : जीआरपी थाना भिलाई क्षेत्र अंतर्गत डंप चौक, स्टेशन पारा पुरैना में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ युवक पीड़ित के घर में घुस गए, उसके साथ मारपीट की और जबरन बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गए। कुछ दूरी पर दोबारा मारपीट करने के बाद उसे घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए।
जीआरपी पुलिस के अनुसार, पीड़ित हितेश साहनी की रिपोर्ट पर आरोपी उमेश नाग, मोहित नाग, टुन्नू सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में बताया गया है कि रविवार सुबह आरोपी जबरन हितेश के घर में घुसे और परिजनों के सामने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसे बाइक पर बैठाकर ले गए और रास्ते में पुरानी रंजिश को लेकर दोबारा मारपीट कर घायल हालत में छोड़ दिया।
घटना से नाराज मोहल्लेवासी बड़ी संख्या में जीआरपी थाना पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर आरोपी मोहित नाग को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
घायल हितेश साहनी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जीआरपी पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
