दुर्ग : न्यूज़ 36 : सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए सभी शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए वाहन चलाते समय हेलमेट और सीटबेल्ट पहनना अनिवार्य कर दिया है। यह निर्देश कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी दुर्ग अभिजीत सिंह द्वारा जारी किए गए हैं। जारी आदेश के अनुसार, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीटबेल्ट पहनना अब सभी सरकारी कर्मचारियों के लिए अनिवार्य होगा। इस निर्णय का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और स्वयं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
प्रशासन ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया है कि वे अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों से इन नियमों का सख्ती से पालन कराएं। साथ ही, नियमों के प्रति जागरुकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया है।
यातायात पुलिस और जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।
