मंत्री गजेन्द्र यादव बने कथावाचक पं. युवराज पाण्डेय के सारथी, जय श्रीराम और जय श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंजा शहर
दुर्ग : न्यूज़ 36 : शहर के बैगापारा मिनी स्टेडियम में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ से पहले भव्य कलश यात्रा निकाली गई। शीतला सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस यात्रा में 7 हजार से अधिक महिलाओं ने हिस्सा लिया। पीली साड़ियों में सजी महिलाओं और भगवा ध्वज लिए युवाओं की टोली ने पूरे शहर को भक्तिमय माहौल में रंग दिया।
कलश यात्रा में कथावाचक पं. युवराज पाण्डेय शामिल हुए, जबकि कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने सारथी की भूमिका निभाई। ढोल-नगाड़ों, भजन-कीर्तन और जय श्रीराम व जय श्रीकृष्ण के जयकारों से यात्रा मार्ग गूंजता रहा। जगह-जगह नागरिकों ने यात्रा का स्वागत किया।
शीतला सेवा समिति द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत कथा 5 दिसंबर तक चलेगी। प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से पं. युवराज पाण्डेय श्रद्धालुओं को कथा का रसपान कराएंगे। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता देखने को मिल रही है।
