संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता परिवार की तरह है, सभी का आपस में जुड़कर रहना ही संगठन की मजबूती का आधार बनेगा : विजय शर्मा, उपमुख्यमंत्री
पार्टी के प्रत्येक सदस्य का सुख-दुख हमारा अपना सुख-दुख है : गजेंद्र यादव
दुर्ग : न्यूज़ 36 : भारतीय जनता पार्टी जिला दुर्ग द्वारा जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक के नेतृत्व में दीपावली मिलन समारोह का भव्य आयोजन दुर्ग बायपास रोड स्थित अग्रसेन भवन में हर्षोल्लास एवं आत्मीय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, भाजपा की पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुश्री सरोज पाण्डेय सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में भाजपा संभाग प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही, जिला संगठन प्रभारी नंदन जैन, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पाण्डेय, जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, भिलाई जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, विधायक ललित चंद्राकर, भाजपा प्रदेश मंत्री जितेंद्र वर्मा, तेलघानी विकास बोर्ड अध्यक्ष जितेंद्र साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती बंजारे, महापौर श्रीमती अलका बाघमार, सभापति श्री श्याम शर्मा, जिला महामंत्री दिलीप साहू एवं विनोद अरोरा, कुम्हारी नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीना वर्मा तथा पाटन जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
आयोजित दीपावली मिलन समारोह में उपस्थित अतिथियों एवं वरिष्ठ नेताओं ने सभी कार्यकर्ताओं को दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए संगठन की एकजुटता, आपसी समन्वय और मजबूती के साथ निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता परिवार के सदस्य की तरह है। परिवार की असली ताकत तभी होती है, जब उसके सभी सदस्य आपस में जुड़े रहें और एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनें। भारतीय जनता पार्टी वसुधैव कुटुम्बकम की भावना के साथ कार्य करने वाला संगठन है। हमारे लिए प्रत्येक कार्यकर्ता बहुमूल्य है। सभी कार्यकर्ता इसी आत्मीयता और एकजुटता के साथ संगठन की मजबूती के लिए निरंतर कार्य करते रहें। उन्होंने सभी को दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कैबिनेट मंत्री एवं शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक बड़ा परिवार है। पार्टी के प्रत्येक सदस्य का सुख-दुख हमारा अपना सुख-दुख है। कार्यकर्ताओं के परिश्रम, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा से ही पार्टी निरंतर आगे बढ़ती है। दीपावली मिलन जैसे आयोजन आपसी आत्मीयता और पारिवारिक संबंधों को और मजबूत बनाते हैं।
सांसद विजय बघेल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और संगठन के प्रति निष्ठा के कारण पार्टी जनसेवा के कार्यों में निरंतर आगे बढ़ रही है। दीपावली का यह पर्व आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता का संदेश देता है। सभी कार्यकर्ता इसी भावना के साथ समाज और राष्ट्र की सेवा में जुटे रहें।
भाजपा की पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुश्री सरोज पाण्डेय ने कहा कि दीपावली खुशियों, प्रकाश और सकारात्मकता का पर्व है। भाजपा का संगठन कार्यकर्ताओं के त्याग, समर्पण और सामूहिक प्रयासों से मजबूत हुआ है। ऐसे आयोजन सभी को एक मंच पर जोड़ने और संगठनात्मक आत्मीयता को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं।
जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने कहा कि दुर्ग जिला भाजपा के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की महत्वपूर्ण पूंजी है। सभी वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयासों से संगठन निरंतर मजबूत हो रहा है। दीपावली मिलन समारोह का उद्देश्य परिवार की भावना के साथ सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट करना और आपसी प्रेम एवं सद्भाव को और प्रगाढ़ बनाना है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
आयोजित दीपवाली मिलन समारोह को भाजपा संभाग प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही, संगठन प्रभारी नंदन जैन, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय ने भी संबोधित किया | आयोजित दीपावली मिलन समारोह कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री दिलीप साहू ने किया और आभार जिला महामंत्री विनोद अरोरा ने किया |
समारोह में उपस्थित सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और संगठन की एकजुटता एवं मजबूती के संकल्प के साथ इस आत्मीय आयोजन को यादगार बनाया।
आयोजित कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के जिला पदाधिकारी मंडल स्तर के पदाधिकारी कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि गण उपस्थित रहे |
