भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई स्टील प्लांट की लाइमस्टोन माइन्स नगरी नंदिनी नगर में ‘नंदिनियंस गेट-टुगेदर रीयूनियन’ की अंतिम तैयारियों के संबंध में शुक्रवार की सुबह सर्किट हाउस, नंदिनी नगर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
उल्लेखनीय है कि रविवार 22 नवंबर को स्थानीय मंगल भवन में होने वाले दिन भर के इस आयोजन में देश के विभिन्न क्षेत्रों में निवासरत ऐसे पूर्व नंदिनीवासी सहभागी बन रहे हैं, जिनका कभी न कभी नंदिनी नगर से गहरा जुड़ाव रहा है।
बैठक की अध्यक्षता पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रविशंकर सिंह ने की तथा संचालन राजशेखर तिवारी ने किया। कार्यक्रम को और अधिक भव्य, सुव्यवस्थित एवं यादगार बनाने के उद्देश्य से आयोजन समिति की कार्यकारिणी का विस्तार किया गया। विस्तारित कार्यकारिणी का अनुमोदन राघवेंद्र प्रताप सिंह ने किया गया।
बैठक में प्रमुख रूप से देवेंद्र सिंह परिहार, दिनेश नायर, नंदकिशोर गुप्ता, हरचरण सिंह संधू, इंद्रजीत सिंह ठाकुर, रजिन्दर सिंह, रविन्द्र शुक्ला, तुफैल खान, सुरेंद्र सिंह, स्टालिन, हरीश राठौर, हिमांशु अवस्थी, विजय शर्मा, गजानन कोरे, विरेन्द्र सिंह ठाकुर, अभिषेक सिंह, सतीश फिलीप, जसपाल सिंह, रवि मुदलियार, प्रमोद कुट्टी, दयाशंकर तिवारी, महेंद्र जनबंधु, मोहन सिंह एवं काजल बर्मन उपस्थित रहे। महिला प्रतिनिधित्व को सशक्त बनाने की दिशा में बिंदु सिंह का भी कार्यकारिणी में चयन किया गया।
कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए स्वागत समिति, मंच संचालन समिति, सांस्कृतिक समिति, इंडोर गेम्स समिति, जलपान एवं भोजन व्यवस्था समिति, नगर भ्रमण समिति, सम्मान समिति तथा पारितोषिक एवं उपहार वितरण समिति का विस्तार कर विभिन्न दायित्व निर्धारित किए गए।
बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय भी लिया गया कि नंदिनी नगर क्षेत्र के प्रतिष्ठित शिक्षकों, ख्यातिप्राप्त नागरिकों एवं समाजसेवियों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। साथ ही नगर के विकास एवं सौंदर्यीकरण की दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले नगर पालिका अध्यक्ष विद्यानंद कुशवाहा को भी विशेष रूप से सम्मानित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए अपने-अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा सामूहिक सहभागिता से इस ऐतिहासिक मिलन समारोह को यादगार बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
अंत में अध्यक्ष की अनुमति से धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया, जिसके पश्चात बैठक का समापन हुआ।
