Sunday, June 21, 2026

दो साल बाद सड़क हादसे में मौत के मामले में FIR दर्ज

अज्ञात कार चालक के खिलाफ अपराध कायम

भिलाई : न्यूज़ 36 : थाना पाटन क्षेत्र में लगभग दो वर्ष पूर्व हुए सड़क हादसे में मृत व्यक्ति के मामले में पुलिस ने अब अपराध दर्ज किया है। मर्ग जांच पूर्ण होने के बाद 29 अप्रैल 2026 की शाम अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला कायम कर विवेचना शुरु कर दी गई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मर्ग क्रमांक 27/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच के दौरान मृतक दिलीप कुमार वर्मा (50 वर्ष), निवासी खम्हरिया, थाना पाटन के परिजनों पुत्र विकास वर्मा, पत्नी शारदा वर्मा एवं गवाह भुनेश्वर निषाद के कथन लिए गए। साथ ही घटनास्थल का निरीक्षण कर नजरी नक्शा भी तैयार किया गया।

जांच में सामने आया कि दिनांक 5 अगस्त 2024 को शाम करीब 6 बजे दिलीप कुमार वर्मा अपनी स्कूटी (CG04PQ2273) से पाटन से अपने गांव खम्हरिया जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम खोरपा स्टेडियम के आगे सहदेव धुरंधर के खेत के पास पीछे से आ रही एक अज्ञात कार ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रुप से घायल दिलीप वर्मा को उपचार के लिए रायपुर के डीकेएस सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 9 अगस्त 2024 की सुबह 6 बजे उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद थाना गोलबाजार रायपुर में मर्ग क्रमांक 00/741/2024 दर्ज कर शव पंचनामा कार्रवाई की गई थी। चूंकि मूल घटना स्थल थाना पाटन क्षेत्र का या, इसलिए मामला पाटन थाना को स्थानांतरित किया गया।

संपूर्ण जांच के आधार पर पुलिस ने अज्ञात कार चालक के विरुद्ध धारा 106 (1) बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपी वाहन एवं चालक की पहचान में जुटी हुई है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news