Thursday, July 16, 2026

दुर्ग यातायात पुलिस ने नशे में वाहन चलाते 26 चालक पकड़े

20 रुपये हजार तक जुर्माना, नशे में बस चला रहे चालक को मिली अलग सजा

भिलाई : न्यूज़ 36 : सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए दुर्ग यातायात पुलिस ने नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए 26 वाहन चालकों पर कार्रवाई की है। सभी चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।

यातायात पुलिस के अनुसार विशेष जांच अभियान के दौरान ब्रेथ एनालाइज़र मशीन से जांच में 26 चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। इनके वाहन जब्त कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां संबंधित चालकों पर 12 हजार से 20 हजार रुपये तक का अर्थदंड लगाया गया।

नशे में बस चला रहे चालक को मिली अलग सजा

कार्रवाई के दौरान एक यात्री बस चालक भी शराब नशे में बस चलाते हुए पकड़ा गया। न्यायालय नेआर्थिक दंड के साथ उसे सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक न्यायालय परिसर में उपस्थित रहने की सजा भी सुनाई।

पिछले साल की तुलना में तीन गुना अधिक कार्रवाई

यातायात पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक नशे में वाहन चलाने के 1,752 मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है, जबकि वर्ष 2025 की समान अवधि में 569 मामलों में कार्रवाई हुई थी। इस तरह इस वर्ष कार्रवाई में तीन गुना से अधिक वृद्धि दर्ज की गई है।

सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक चल रहा अभियान

यातायात पुलिस प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चला रही है। इस दौरान दोपहिया, चार पहिया, ऑटो, बस, स्कूल बस और मालवाहक वाहनों के चालकों की ब्रेथ एनालाइज़र से जांच की जा रही है।

यातायात पुलिस की अपील

यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शराब या किसी भी नशीले पदार्थ का सेवन करने के बाद वाहन न चलाएं। एक जिम्मेदार निर्णय न केवल आपकी, बल्कि अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की जान भी सुरक्षित रख सकता है। यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित सफर करें।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news