302 पौवा शराब, 5 वाहन और बिक्री रकम समेत 2.49 लाख रुपये से अधिक की सामग्री जब्त
भिलाई : न्यूज़ 36 : ड्राई डे के मौके पर दुर्ग पुलिस ने अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ ऑपरेशन विश्वास के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 10 स्थानों पर दबिश देकर अवैध शराब बिक्री में संलिप्त 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 302 पौवा अवैध शराब, तीन मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और एक ई-रिक्शा सहित 2.49 लाख रुपये से अधिक की सामग्री जब्त की गई।
पुलिस के अनुसार, 1 और 2 अक्टूबर को मुखबिरों से मिली सूचनाओं के आधार पर थाना दुर्ग, मोहन नगर, पद्मनाभपुर, उतई और चौकी अंजोरी क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर पुलिस टीमों ने दबिश और घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान मौके से 12 आरोपियों को पकड़ा गया।
तलाशी में आरोपियों के कब्जे से 302 पौवा अवैध शराब, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 34 हजार रुपये है, बरामद हुई। इसके अलावा शराब बिक्री में इस्तेमाल किए जा रहे 03 मोटरसाइकिल, 01 स्कूटी और 01 ई-रिक्शा, जिसकी कुल अनुमानित कीमत 2.15 लाख रुपये बताई गई है, भी जब्त किए गए। शराब बिक्री से संबंधित रकम भी प्रकरणवार जब्त की गई।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने ध्रुवराम पारधी (57), यशवंत देशलहरे (30), लोमेन्द्र कुमार (33), दाबीराम ढीमर (23), मिथलेश ढीमर (23), खरी चोथू (33), प्रकाश सारथी (32), अलताफ हुसैन (45), गजानंद चंदेल (30), मनीष मांडले (30), गोपाल तेलभुलकर (56) और राजू मांझी (50) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से शराब रखकर ग्राहकों को बिक्री कर रहे थे। मुखबिर तंत्र से सूचना मिलने के बाद संबंधित स्थानों की पहचान कर पुलिस टीमों ने दबिश दी और आरोपियों को शराब समेत पकड़ा।
आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई और उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन करने वालों के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम की धारा 36 (च) के तहत पृथक कार्रवाई की गई।
दुर्ग पुलिस ने कहा है कि अवैध शराब की बिक्री, नशीले पदार्थों की तस्करी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की सूचना नागरिक तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
