पत्थर से कुचलकर की गई थी हत्या
दुर्ग : न्यूज़ 36 : दुर्ग जिले के पुलगांव थाना अंतर्गत पुलिस चौकी जेवरा सिरसा क्षेत्र में हुए अधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस मामले में एक अपचारी बालक और साक्ष्य मिटाने में शामिल एक महिला को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार है।
खेत में मिला था शव
पुलिस के अनुसार 26 अप्रैल 2026 को ग्राम करहीडीही निवासी महेंद्र कुमार निषाद ने सूचना दी थी कि रामनारायण निषाद उर्फ नारायण निषाद का शव गांव के दुर्गा मंच के पीछे खेत में संदिग्ध अवस्था में पड़ा है। शव के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे।
मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें हत्या की पुष्टि होने पर चौकी जेवरा सिरसा में अपराध क्रमांक 413/2026 धारा 103(1) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुरानी रंजिश में की हत्या
विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर सूचना और पूछताछ के आधार पर 16 वर्षीय अपचारी बालक को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर हत्या करना स्वीकार किया।
जांच में सामने आया कि पुराने विवाद के कारण आरोपी मृतक से रंजिश रखता था। 25 अप्रैल की रात मृतक के नशे में होने का फायदा उठाकर आरोपियों ने पहले मारपीट की, फिर गमछे से पैर बांधकर उसे घसीटते हुए खेत में ले गए और पत्थरों से कुचलकर हत्या कर दी।
साक्ष्य मिटाने में महिला की भूमिका
मामले की जांच में यह भी सामने आया कि सावित्री निषाद (40 वर्ष) ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से खून से सने कपड़े और जूते जला दिए। पुलिस ने उसे भी गिरफ्त्तार कर लिया है।
बरामदगी और कार्रवाई
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पत्थर, जले हुए कपड़े-जूते सहित अन्य साध्य जब्त किए हैं। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस की अपील : दुर्ग पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी आपराधिक या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
