Thursday, November 5, 2026

भिलाई में विकास कार्यों को मिलेगी गति, महापौर परिषद की बैठक में 15 प्रस्तावों पर चर्चा

2 करोड़ की लागत से बनेगा मांगलिक एवं सांस्कृतिक भवन, सेमरिया में 10 मेगावाट सोलर प्लांट लगाने की पहल

भिलाई : न्यूज़ 36 : नगर पालिक निगम भिलाई में महापौर नीरज पाल की अध्यक्षता एवं निगम आयुक्त सुरूचि सिंह की उपस्थिति में महापौर परिषद की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था और निगम की आय बढ़ाने से जुड़े 15 प्रस्तावों पर चर्चा की गई। इस दौरान कई महत्वपूर्ण कार्यों को सहमति एवं अनुशंसा प्रदान की गई।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कुरूद के 19 तथा खम्हरिया-जुनवानी के 27, कुल 46 पात्र हितग्राहियों की अंतिम सूची सामान्य सभा में प्रस्तुत करने पर सहमति बनी। वहीं, ग्राम सेमरिया स्थित निगम की भूमि पर 10 मेगावाट क्षमता का ऑनग्रिड सोलर प्लांट स्थापित करने के लिए शासन को पत्र भेजने की मंजूरी दी गई।
इसके अलावा वार्ड क्रमांक 18 कांट्रेक्टर कॉलोनी के सामुदायिक भवन के संचालन के लिए प्रक्रिया शुरू करने तथा नेहरू नगर पश्चिम में सीसी रोड एवं नाली निर्माण के प्रस्तावित स्थल में परिवर्तन को सहमति दी गई।
अधोसंरचना मद से जोन क्रमांक 2 के वार्ड 28 कैंप-1 स्थित सुभाष चौक के पास बीएसपी स्कूल के समीप 2 करोड़ रुपये की लागत से मांगलिक एवं सांस्कृतिक भवन निर्माण के लिए निविदा आमंत्रित करने की अनुमति दी गई। वहीं, हुडको में डॉ. भीमराव अंबेडकर सर्व समाज मांगलिक भवन और वार्ड 51 स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय खेल परिसर के संचालन एवं संधारण के लिए आरएफपी आमंत्रित करने की अनुशंसा की गई। हुडको क्षेत्र की सीवरेज लाइन के नवीनीकरण कार्य को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में महापौर परिषद के सदस्यों ने पेयजल, स्वच्छता, ऊर्जा संरक्षण, सामाजिक एवं सांस्कृतिक सुविधाओं तथा शहर के आधारभूत विकास से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया। इस दौरान महापौर परिषद के सदस्य लक्ष्मीपति राजू, सीजू एन्थोनी, संदीप निरंकारी, आदित्य सिंह, केशव चौबे, एकांश बंछोर, चंद्रशेखर गंवई, मालती ठाकुर सहित निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news