Saturday, August 1, 2026

डिलीवरी बॉय व युवती से लूट, विरोध करने पर चाकूनुमा हथियार से हमला

भिलाई : न्यूज़ 36 : सेक्टर-1 स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क के पास जोमैटो के एक डिलीवरी बॉय और उसकी महिला सहकर्मी से लूटपाट का मामला सामने आया है। तीन अज्ञात युवकों ने दोनों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की, जान से मारने की धमकी दी और उनके मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। विरोध करने पर डिलीवरी बॉय पर नुकीली वस्तु से हमला कर उसे घायल कर दिया।

पुलिस के अनुसार, प्रेमनगर संग्राम चौक निवासी अयान अली (23 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह जोमैटो में डिलीवरी बॉय के रुप में कार्य करता है। 29 जुलाई 2026 की रात करीब 8:40 बजे वह अपनी सहकर्मी श्रुति सिंह के साथ खुर्सीपार से डिलीवरी पूरी कर सेक्टर-1 की ओर जा रहा था। डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क के पास तेज बारिश होने के कारण दोनों रेनकोट पहनने के लिए रुके थे।

इसी दौरान तीन अज्ञात युवक वहां पहुंचे और अश्लील गाली-गलौज करते हुए दोनों से पूछताछ करने लगे। आरोप है कि तीनों ने जान से मारने की धमकी देते हुए अयान का मोबाइल छीनने का प्रयास किया। जब श्रुति सिंह बीच-बचाव करने पहुंचीं तो आरोपियों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया।
इसके बाद आरोपियों ने अयान के साथ मारपीट की। इसी दौरान एक आरोपी ने किसी ठोस एवं नुकीली वस्तु से अयान की पीठ (कमर) पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया। आरोपी अयान का रियलमी मोबाइल और श्रुति सिंह का आईफोन-16 लूटकर मौके से फरार हो गए।

घायल अयान और उसकी सहकर्मी पहले इलाज के लिए शासकीय अस्पताल सुपेला पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद अयान को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल दुर्ग रेफर किया गया।

घटना की रिपोर्ट पर भिलाई भट्ठी थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 96/2026 दर्ज कर अज्ञात तीन आरोपियों के खिलाफ धारा 309 (6) (लूट) एवं 351(3) (आपराधिक धमकी) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरु कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news