दुर्ग : न्यूज़ 36 : कातुलबोर्ड वार्ड नंबर-59 में एक अधेड़ व्यक्ति का संदिग्ध हालत में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान टेटकू राम बांधे (उम्र लगभग 55 से 60 वर्ष) के रूप में की गई है। घटना मोहन नगर क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार मृतक का शव घर के अंदर सोफे पर बैठी हुई अवस्था में मिला, जो काफी हद तक डिकंपोज हो चुका था। शव मिलने की सूचना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। पड़ोसियों के अनुसार टेटकू राम बांधे घर में अकेले रहते थे। उनकी चार बेटियों की शादी हो चुकी है और परिवार के अन्य सदस्य अलग रहते हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक अक्सर अकेले रहते थे और शराब का सेवन भी करते थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घर को घेराबंदी में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार शव काफी पुराना होने के कारण शुरुआती जांच में मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। अनुमान लगाया जा रहा है कि मृत्यु कुछ दिन पहले ही हो चुकी थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि घर से बदबू आ रही थी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा खोला और अंदर सोफे पर बैठे अवस्था में शव पाया। फिलहाल पुलिस मामले को संदिग्ध मौत के रूप में दर्ज कर सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मौत प्राकृतिक कारणों से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग अलग-अलग तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।
