सभी मोर्चा एवं प्रकोष्ठ पूरी ऊर्जा और एकजुटता के साथ चुनावी मैदान में जुटें : अनुराग सिंह देव
दुर्ग : न्यूज़ 36 : आगामी दिनों में होने वाले रिसाली नगर निगम चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में भाजपा के समस्त मोर्चा एवं प्रकोष्ठों की जिला स्तरीय बैठक जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में रिसाली नगर निगम चुनाव प्रभारी एवं छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव उपस्थित रहे।
बैठक में जिला महामंत्री विनोद अरोरा, जिला उपाध्यक्ष शिवेंद्र परिहार, झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक दिनेश देवांगन एवं अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश महामंत्री साजन जोसेफ सहित विभिन्न मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक में रिसाली नगर निगम चुनाव को लेकर संगठन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी मोर्चा एवं प्रकोष्ठों को उनकी संगठनात्मक भूमिका और जिम्मेदारियों के अनुरूप सक्रिय होकर कार्य करने का आह्वान किया गया। साथ ही समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच बनाने, भाजपा के पक्ष में सकारात्मक माहौल तैयार करने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान पदाधिकारियों से
चुनावी तैयारियों को लेकर सुझाव भी आमंत्रित किए गए। मुख्य अतिथि अनुराग सिंह देव ने कहा कि भाजपा के सभी मोर्चा एवं प्रकोष्ठ संगठन की रीढ़ है।
रिसाली नगर निगम चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने की दिशा में पूरी ताकत से जुटना होगा। कार्य कर्ता ही हमारे महत्वपूर्ण ताकत हैं। इनमें समाज के विभिन्न वर्गों का प्रतिनिधित्व और सहभागिता समाहित है। प्रत्येक मोर्चा एवं प्रकोष्ठ की अपनी विशिष्ट भूमिका और जिम्मेदारी है। सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रियता के साथ कार्य करते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच बनाएं। उन्होंने कहा कि सभी की सामूहिक मेहनत, आपसी समन्वय और समर्पण एकजुटता के साथ चुनावी मैदान में उतरने का आह्वान किया।
जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं। रिसाली नगर निगम चुनाव को लेकर पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी जिम्मेदारी और सक्रियता के साथ जुटा हुआ है। उन्होंने सभी मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में जनता के बीच पहुंचकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि संगठन के सभी कार्यकर्ता आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ का निर्वहन करें। कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास के बल पर भाजपा न रिसाली नगर निगम चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।
बैठक के अंत में सभी मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने चुनाव में पूरी सक्रियता से जुटने तथा संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया। बैठक में जिले के समस्त मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
