Sunday, May 31, 2026

पुत्र बनकर बनाया आधार कार्ड व बैंक खाता फिर संपत्ति हड़पने की साजिश!

कोर्ट के आदेश पर कारोबारी के रिश्तेदार के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला किया दर्ज

दुर्ग : न्यूज़ 36 : फर्जी दस्तावेज तैयार कर स्वयं को कारोबारी का पुत्र बताने, बैंक खाता और आधार कार्ड बनवाने तथा संपत्ति हड़पने की कथित साजिश के मामले में मोहन नगर थाना पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर आरोपी मुकेश लालवानी के खिलाफ धोखाधड़ी और कूटरचना का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरु कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पद्मनाभपुर निवासी फल व्यवसायी कैलाश माखीजा ने न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी दुर्ग की अदालत में परिवाद प्रस्तुत कर आरोप लगाया था कि उनका रिश्तेदार मुकेश लालवानी, जो वर्तमान में कृषि उपज मंडी दुर्ग में फल व्यवसाय करता है, ने स्वयं को उनका पुत्र बताकर विभिन्न दस्तावेज तैयार कर लिए हैं।

परिवाद में कहा गया है कि आरोपी के पिता श्रीचंद लालवानी की मृत्यु के बाद मानवीय आधार पर उसे अपने साथ रखा गया था। बाद में आरोपी व्यवसाय में सहयोग करने लगा, लेकिन उस पर लाखों रुपये के गबन और आर्थिक अनियमितताओं के आरोप लगे, जिसके बाद उसे व्यवसाय से अलग कर दिया गया।

आवेदक ने आरोप लगाया कि इसके बाद आरोपी ने उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ खुद को उनका पुत्र बताते हुए आधार कार्ड, बैंक खाता और अन्य दस्तावेज तैयार करा लिए। शिकायतकर्ता का दावा है कि उन्होंने कभी भी आरोपी को कानूनी रूप से गोद नहीं लिया।

जांच के दौरान शिकायतकर्ता ने राजनांदगांव नगर निगम के जन्म रिकॉर्ड और शैक्षणिक दस्तावेजों का हवाला देते हुए बताया कि आरोपी का वास्तविक नाम मुकेश लालवानी है तथा उसके पिता का नाम श्रीचंद लालवानी दर्ज है। इसके बावजूद आरोपी द्वारा कथित रूप से स्वयं को “मुकेश माखीजा” बताकर दस्तावेज तैयार किए गए।

परिवाद में यह भी आरोप लगाया गया है कि जब शिकायतकर्ता ने इस संबंध में आपत्ति जताई और दस्तावेजों को सही कराने की बात कही तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

मामले में पूर्व में थाना मोहन नगर एवं पुलिस अधीक्षक दुर्ग को भी शिकायत दी गई थी। कार्रवाई नहीं होने पर परिवादी ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के निर्देश पर मोहन नगर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 419, 420, 468 और 471 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है तथा जांच में प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news