Monday, September 21, 2026

BSP में कॉपर वायर चोरी के फरार दो आरोपी गिरफ्तार,दीवार फांदकर घुसे थे

पहले पकड़े गए आरोपियों से 160 किलो वायर बरामद

भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई स्टील प्लांट के जंक्शन-12, कोक ओवन क्षेत्र में कॉपर वायर चोरी के मामले में भिलाई भट्ठी पुलिस ने फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को ग्राम जोरातराई क्षेत्र से हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद चोरी की घटना में शामिल होने की बात सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, 12 अगस्त 2026 की रात करीब 11 बजे भिलाई स्टील प्लांट के जंक्शन-12, कोक ओवन क्षेत्र की गैलरी से कुछ लोग कॉपर वायर चोरी कर ले जा रहे थे। ड्यूटी पर तैनात केऔसुब (CISF) की टीम ने कुछ आरोपियों को चोरी के सामान के साथ पकड़ लिया था। इसके बाद 13 अगस्त को थाना भिलाई भट्ठी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पूर्व में घनश्याम मण्डावी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से 160 किलो कॉपर वायर, जिसकी कीमत करीब 40 हजार रुपये, तथा 7 हजार रुपये कीमत का एक स्मार्टफोन, कुल 47 हजार रुपये की सामग्री बरामद की गई थी।
वहीं, घटना के बाद से फरार चल रहे अन्य आरोपियों की पुलिस लगातार तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने 20 सितंबर को ग्राम जोरातराई क्षेत्र से निखिल कुमार साहू (20) और किशन ठाकुर (22) को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने भिलाई स्टील प्लांट में हुई चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

दीवार फांदकर प्लांट में घुसे थे आरोपी

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था को नजरअंदाज करते हुए दीवार फांदकर भिलाई स्टील प्लांट परिसर में प्रवेश किया और कॉपर वायर सहित अन्य सामग्री चोरी करने का प्रयास किया था।

गिरफ्तार आरोपी निखिल कुमार साहू (20 वर्ष) और किशन ठाकुर (22 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम जोरातराई, थाना उतई, जिला दुर्ग हैं।इस कार्रवाई में थाना भिलाई भट्ठी प्रभारी निरीक्षक दिलीश्वर चन्द्रवंशी, सउनि भारत सिंह चौधरी, प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम साहू, आरक्षक आशीष प्रसाद और अमित सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से औद्योगिक संस्थानों और सार्वजनिक संपत्तियों के आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news