सेमेस्टर-1, 2026 में उत्कृष्ट शिक्षण के लिए मिला सम्मान, सर्व समाज कल्याण समिति ने दी शुभकामनाएं
भिलाई : न्यूज़ 36 : इस्पात नगरी भिलाई की बेटी इशिका सिंह ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शहर का नाम रोशन किया है। इशिका को ऑस्ट्रेलिया की सिडनी यूनिवर्सिटी में सेमेस्टर-1, 2026 के दौरान उत्कृष्ट शिक्षण के लिए टीचिंग एक्सीलेंस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है।इशिका को यह सम्मान फीडबैक फॉर टीचिंग स्टूडेंट सर्वे अवॉर्ड के तहत प्रदान किया गया। यह पुरस्कार यूनिवर्सिटी के वर्क एंड ऑर्गनाइजेशनल स्टडीज (WOS) की ओर से दिया गया है। संस्थान ने अपने बधाई संदेश में इशिका की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि यह सम्मान शिक्षण में उत्कृष्टता, विद्यार्थियों के सकारात्मक अनुभव और शिक्षकों के समर्पण को पहचान देने का माध्यम है।
WOS की अंतरिम हेड ऑफ स्कूल प्रोफेसर अन्या जॉनसन की ओर से जारी संदेश में इशिका को पुरस्कार के लिए बधाई दी गई। उन्हें पुरस्कार का प्रमाणपत्र भी भेजा गया है, जबकि इसकी हार्ड कॉपी WOS प्रशासन कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।
सिडनी यूनिवर्सिटी की ओर से विद्यार्थियों के सीखने के अनुभव को बेहतर बनाने में इशिका के योगदान के लिए आभार भी व्यक्त किया गया है। इशिका की इस उपलब्धि को भिलाई और छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।इशिका सिंह छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय ट्रांसपोर्टर मलकीत सिंह लल्लू की बेटी हैं। उनकी इस उपलब्धि पर सर्व समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह छोटू सहित समिति के सदस्यों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
