Wednesday, August 19, 2026

बस का दरवाजा कार से टकराने पर विवाद, कटर की नोक पर मोबाइल-नकदी की लूट

पद्मनाभपुर पुलिस ने किया चारों आरोपी को गिरफ्तार

दुर्ग : न्यूज़ 36 : नया बस स्टैंड दुर्ग के पास बलेनो कार में तोड़फोड़ कर कटर की नोक परमोबाइल और नकदी लूटने के मामले में पद्मनाभपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर चार आरोपियों को पकड़ लिया। इनमें दो बालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त अर्बानिया मिनी बस, धारदार कटर तथा लूटे गए दोनों मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं।

पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त 2026 को तड़के करीब 3 से 3:30 बजे प्रार्थी सूरज साहू (31) निवासी बोरसी, अपने साथी रवि साहू, राहुल साहू और राजा के साथ बलेनो कार क्रमांक CG11/AN/2387 में नया बस स्टैंड दुर्ग के पास बैठा था। इसी दौरान अर्बानिया मिनी बस क्रमांक CG07CY9600 कार के बगल में आकर रुकी। आरोप है कि बस का दरवाजा जोर से खोलने पर कार में डेंट लग गया।

कार में मौजूद रवि साहू ने बस सवारों से संभलकरदरवाजा खोलने की बात कही। इसी बात को लेकर विवाद शुरु हो गया। पुलिस के मुताबिक बस में सवार चार आरोपियों ने एकराय होकर गाली-गलौज करते हुए सूरज और उसके साथियों से हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरु कर दी। मारपीट में रवि साहू और राजा को चोटें आईं।
आरोपियों ने कथित तौर पर धारदार कटर दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और प्रार्थी का सैमसंग मोबाइल तथा उसके साथी का आईक्यू मोबाइल लूट लिया। इसके बाद कार के कांच तोड़कर डैशबोर्ड में रखे 5 हजार रुपये नगद निकाल लिए और अर्बानिया मिनी बस में सवार होकर फरार हो गए।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर पद्मनाभपुर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 470/2026, धारा 309(6), 296, 115(2), 351(3) एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरु की। पुलिस टीम ने आरोपियों की पतासाजी करते हुए घटना में शामिल सभी चार आरोपियों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार किए गए बालिग आरोपियों में कोमल निषाद (32) पिता जगदीश निषाद तथा पूरन निषाद (19) पिता पुनीत राम निषाद, दोनों निवासी कुंदरा पारा दुर्ग शामिल हैं। वहीं दो विधि से संघर्षरत बालकों की पहचान उम्र एवं किशोर न्याय संबंधी गोपनीयता नियमों के तहत सार्वजनिक नहीं की गई है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया एक सैमसंग मोबाइल, एक आईक्यू मोबाइल, घटना में प्रयुक्त धारदार कटर तथा अर्बानिया मिनी बस क्रमांक CG07CY9600 जब्त की है।

पद्मनाभपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से घटना के महज 24 घंटे के भीतर सभी आरोपियों तक पहुंचकर लूट की संपत्ति और घटना में प्रयुक्त सामान बरामद किया गया। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों, देर रात असामाजिक तत्वों के जमावड़े अथवा किसी भी अपराध की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना या डायल 112 पर दें।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news