भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई निगम के नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और भिलाई के महापौर नीरज पाल की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर पलटवार करते हुए कहा कि चुनाव नजदीक आते ही कांग्रेस को मतदाता सूची की चिंता हो रही है, जबकि शहर के मूलभूत मुद्दों और पांच वर्षों के कार्यकाल का लेखा-जोखा देने से वे बच रहे हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में किसी तरह की त्रुटि का निराकरण निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार होना चाहिए और निष्पक्ष, पारदर्शी चुनाव सभी के हित में है। सिन्हा ने महापौर से पौधरोपण पर खर्च व लगाए पौधों की स्थिति, डामरीकरण व सड़क निर्माण के वार्डवार खर्च, कथित अवैध संपत्तिकर वसूली, निगम की अनियमितताओं पर जांच, तथा सफाई, सड़क, नाली और पेयजल समस्याओं के समाधान पर जवाब मांगा। साथ ही उन्होंने बघेल से नगर प्रशासन की उपलब्धियों और वित्तीय पारदर्शिता पर सार्वजनिक चर्चा की मांग की।
