Saturday, March 21, 2026

दिशा” संस्था का स्वच्छता एवं सेवा अभियान मानवता और करुणा का सुंदर संगम

भिलाई से समाजसेवा की नई प्रेरणा के साथ दिया स्वच्छता का संदेश”

भिलाई : न्यूज़ 36 : सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवीय संवेदना की मिसाल पेश करते हुए, शहर की अग्रणी सामाजिक संस्था “ दिशा” ने पुलगांव, दुर्ग, सेक्टर-8, सेक्टर-2, भिलाई स्थित वृद्धाश्रमों तथा सेक्टर-3 के “फील परमार्थ फाउंडेशन” में स्वच्छता एवं सेवा अभियान संचालित किया।

संस्था के सदस्यों ने आश्रय स्थलों की सफाई के साथ-साथ वहाँ निवासरत वृद्धजनों और निराश्रितों के बीच स्नेह और अपनत्व का संदेश भी फैलाया। टीम ने फिनाइल, डिटर्जेंट, फल, आवश्यक दैनिक उपयोग की सामग्री का वितरण करते हुए, परिसर को स्वच्छ और स्वास्थ्यकर बनाए रखने का संकल्प दोहराया।कार्यक्रम में संस्था के सक्रिय सदस्य — जी.एस.संधू , रामानुजन राजू , सुजीत चक्रवर्ती, भास्कर देवनाथ, राजेश धारकर, जवाहर तथा शांतनु दासगुप्ता सहित कई अन्य सदस्यों की सहभागिता रही।

“फील परमार्थ फाउंडेशन” के संचालक इंजीनियर अमित राज ने टीम दिशा के योगदान के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा —“संस्था द्वारा समय-समय पर मिलने वाले सहयोग से यहाँ का वातावरण अधिक स्वच्छ और व्यवस्थित बन सका है। यह सहभागिता हम सबके लिए प्रेरणादायी है।”

संस्था के वरिष्ठ सदस्य सुजीत चक्रवर्ती ने भावपूर्ण शब्दों में कहा —“किसी ज़रूरतमंद की आँखों में लौटती मुस्कान हमारे लिए सबसे बड़ा सम्मान है।”
वहीं राजेश धारकर ने कहा —“वृद्धजनों और निराश्रितों की प्रसन्नता ही दिशा के प्रयासों की सच्ची सफलता है। यही हमें आगे बढ़ने की शक्ति देती है।”

डॉ. सुरेश शर्मा ने अपने संदेश में कहा — “स्वच्छता, सेवा और साधना — ये तीनों एक ही सूत्र में बंधे हैं। जब समाज सामूहिक रूप से इन मूल्यों को अपनाता है, तभी सच्ची मानवता प्रकट होती है।”
संस्था के सदस्य शांतनु दासगुप्ता ने कहा — “दिशा के इस अभियान ने यह सिद्ध किया है कि जब समर्पण और संवेदना साथ आते हैं, तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन अवश्य संभव होता है।”

इस अभियान ने न केवल वृद्धाश्रमों और आश्रय स्थलों को स्वच्छ बनाया, बल्कि भिलाई शहर में सामाजिक जागरूकता और सेवा भावना की नई लहर भी उत्पन्न की।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news