Wednesday, October 14, 2026

बीएसपी में सार्वजनिक खरीद पर आयोजित सत्र में एसईसीएल के मुख्य सतर्कता अधिकारी ने किया संबोधित

भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई इस्पात संयंत्र के मानव संसाधन विकास केंद्र में तीन माह के प्रिवेंटिव विजिलेंस कैंपेन के अंतर्गत “सार्वजनिक खरीद: रूपरेखा, प्रक्रिया एवं सत्यनिष्ठा मानक” विषय पर एक सत्र का आयोजन किया गया। यह अभियान 26 अगस्त से 1 नवंबर 2026 तक मनाया जा रहा है। इस अवसर पर साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री हिमांशु जैन, आईआरएसएस (ई), मुख्य अतिथि रहे व कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) ए के चक्रबर्ती, कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) प्रवीण निगम, मुख्य महाप्रबंधक (सतर्कता) एवं एसीवीओ श्री सुनील सिंघल उपस्थित रहे।
हिमांशु जैन ने सार्वजनिक खरीद से संबंधित रूपरेखा, प्रक्रियाओं एवं सत्यनिष्ठा मानकों पर प्रतिभागियों को संबोधित किया। उन्होंने नियमों का पालन करते हुए समावेशिता एवं प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने उचित कानूनी ढांचे का पालन, अनुबंध के संपूर्ण जीवन चक्र, उपयुक्त चयन पद्धतियों के निर्धारण, राष्ट्रीय नीति तथा सत्यनिष्ठा के दृष्टिकोण जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। सत्र में निवारक सतर्कता, प्रक्रियात्मक अनुशासन एवं खरीद संबंधी मामलों में नैतिक निर्णय लेने की समझ को सुदृढ़ करने पर बल दिया गया। साथ ही, सार्वजनिक संसाधनों की सुरक्षा तथा सुशासन को बढ़ावा देने के लिए पारदर्शिता, जवाबदेही एवं निर्धारित मानदंडों के अनुपालन के महत्व को रेखांकित किया गया।
कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) ए. के. चक्रवर्ती ने बीएसपी में खरीद प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए खरीद के प्रत्येक चरण में प्रक्रियात्मक अनुपालन, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सतर्कता एक सामूहिक जिम्मेदारी है तथा सभी को अनियमितताओं के प्रति सजग रहते हुए अनियमित कार्यों एवं कदाचार के विरुद्ध आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने सार्वजनिक खरीद प्रणाली में जनविश्वास बनाए रखने के लिए नैतिक आचरण एवं जवाबदेही को आवश्यक बताया!
कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) प्रवीण निगम ने निर्धारित आंतरिक प्रक्रियाओं, विशेषकर निर्धारित पीसीपी आवश्यकताओं के कड़ाई से अनुपालन के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि वित्त विभाग के अधिकारी विभिन्न समितियों के सदस्य के रूप में वित्तीय जांच एवं प्रक्रियात्मक अनुपालन सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सेल में सार्वजनिक धन के विवेकपूर्ण एवं सर्वोत्तम उपयोग को सुनिश्चित करने के लिए वित्तीय एवं खरीद प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य महाप्रबंधक (सतर्कता) एवं सहायक मुख्य सतर्कता अधिकारी  सुनील सिंघल के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने मुख्य अतिथि एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए संगठनात्मक सत्यनिष्ठा को सुदृढ़ करने तथा आधिकारिक कार्यों में निर्धारित प्रक्रियाओं का अनुपालन सुनिश्चित करने में निवारक सतर्कता के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन उप महाप्रबंधक (सतर्कता) मोहम्मद नौशाद आलम ने किया। कार्यक्रम के अंत में महाप्रबंधक (सतर्कता) सुश्री रेणु गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने मुख्य अतिथि, वरिष्ठ प्रबंधन एवं सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को सार्थक एवं ज्ञानवर्धक बनाने में उनके योगदान की सराहना की।
यह कार्यक्रम तीन माह के सतर्कता अभियान के अंतर्गत भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा सत्यनिष्ठा-आधारित कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने, निवारक सतर्कता को सुदृढ़ करने तथा संगठनात्मक प्रक्रियाओं में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखने की दिशा में किए जा रहे निरंतर प्रयासों का हिस्सा था।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news