Thursday, July 16, 2026

दूसरे की जमीन स्वयं की बताकर की 8 लाख की ठगी

कोर्ट के आदेश पर दुर्ग पुलिस ने दर्ज किया धोखाधड़ी का मामला

दुर्ग : न्यूज़ 36 : दूसरे के नाम दर्ज जमीन को अपनी बताकर 8 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में दुर्ग पुलिस ने न्यायालय के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

शिकायतकर्ता जितेंद्र अग्रवाल ने न्यायालय में प्रस्तुत आवेदन में बताया कि वर्ष 2019 में आरोपी भीमराज ने ग्राम नवातरिया स्थित खसरा नंबर 882/2 की एक एकड़ जमीन को अपनी बताकर 13 लाख रुपये में बेचने का सौदा किया था। 21 अगस्त 2019 को इकरारनामा होने के बाद उसने आरोपी को अलग-अलग किश्तों में कुल 8 लाख रुपये बयाने और अग्रिम राशि के रूप में दिए।

शिकायत के मुताबिक, आरोपी लगातार सीमांकन और रजिस्ट्री कराने का आश्वासन देता रहा, लेकिन रजिस्ट्री नहीं कराई। बाद में ऑनलाइन खसरा-बी1 की जांच में पता चला कि संबंधित भूमि आरोपी के नाम पर दर्ज ही नहीं है, बल्कि किसी अन्य व्यक्ति के स्वामित्व में है।

पीड़ित ने पहले 27 जनवरी 2026 को थाना दुर्ग और 19 फरवरी 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग से शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय में धारा 156 (3) दंड प्रक्रिया संहिता के तहत आवेदन प्रस्तुत किया।
मामले की सुनवाई के दौरान न्यायालय ने इकरारनामा, भुगतान संबंधी दस्तावेज और राजस्व अभिलेखों का अवलोकन कर प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी का मामला पाया। न्यायालय ने थाना प्रभारी दुर्ग को आरोपी के विरुद्ध अपराध दर्ज कर विस्तृत विवेचना करने का निर्देश दिया।

न्यायालय के आदेश के पालन में दुर्ग पुलिस ने आरोपी भीमराज के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरु कर दी है। पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news