Thursday, September 17, 2026

विदेश में MBA और नौकरी का झांसा देकर 19 लाख की ठगी, 2 आरोपी अभिरक्षा में

स्मृतिनगर की टॉप कैरियर कंसल्टेंसी के जरिए UK, USA, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा भेजने का दिया था झांसा

भिलाई : न्यूज़ 36 : विदेश में MBA की पढ़ाई और पढ़ाई के बाद नौकरी दिलाने का झांसा देकर 19 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में स्मृतिनगर पुलिस ने दो आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने अपराध करना स्वीकार किया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।

पुलिस के अनुसार सेक्टर-1 भिलाई निवासी सुमित अरमरकर ने 15 सितंबर 2026 को चौकी स्मृतिनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के मुताबिक स्मृतिनगर स्थित टॉप कैरियर कंसल्टेंसी के संचालक गगन गुप्ता, उसकी पत्नी स्वाती अग्रवाल गुप्ता और पार्टनर जसविंदर सिंह डिगवा ने उसे विदेश में MBA की पढ़ाई तथा बाद में अच्छी नौकरी दिलाने का प्रलोभन दिया।

आरोपियों ने यूनाइटेड किंगडम, अमेरिका,ऑस्ट्रेलिया और कनाडा की विभिन्न यूनिवर्सिटियों में MBA में प्रवेश दिलाने तथा विदेश में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद आवेदक से आरोपियों के बताए बैंक खातों में अलग-अलग किस्तों और चेक के माध्यम से कुल 19 लाख रुपये जमा कराए गए।
विदेश भेजने के नाम पर टालमटोल

राशि लेने के बाद आरोपियों द्वारा आवेदक को विदेश भेजने और नौकरी दिलाने के नाम पर लगातार आश्वासन दिया जाता रहा। बाद में कनाडा की सिटीजनशिप, नौकरी और विजिटर वीजा के माध्यम से विदेश भेजने का भी प्रलोभन दिया गया। आवेदक को किर्गिस्तान भेजा गया, लेकिन वहां भी उसे नौकरी नहीं मिली। इसके बाद वह भारत वापस लौट आया।

राशि वापस मांगने पर आरोपियों ने 2-2 लाख रुपये राशि के तीन चेक दिए। बैंक में प्रस्तुत करने पर तीनों चेक बाउंस हो गए। इसके बाद आवेदक ने पुलिस से शिकायत की।

दो आरोपियों से पूछताछ, अपराध स्वीकार करने का दावा

आवेदक की रिपोर्ट पर चौकी स्मृतिनगर, थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1375/2026 के तहत धारा 318(4), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया।

विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी गगन गुप्ता और जसविंदर सिंह डिगवा को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में दोनों ने अपराध करना स्वीकार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पूर्व आपराधिक प्रकरण नहीं पाए गए हैं। इसलिए मामले में धारा 35(1) BNSS के प्रावधानों का पालन करते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

ऐसे करते थे ठगी, पुलिस ने बताया तरीका

पुलिस के अनुसार आरोपियों द्वारा विदेश में MBA में प्रवेश, पढ़ाई के बाद नौकरी, कनाडा की सिटीजनशिप और विजिटर वीजा आदि का प्रलोभन देकर राशि अलग-अलग किस्तों और चेक के माध्यम से ली गई। रकम लेने के बाद विदेश भेजने और नौकरी दिलाने के नाम पर लगातार आश्वासन देकर टालमटोल की जाती थी।

मामले में गगन गुप्ता, जसविंदर सिंह डिगवा और स्वाती अग्रवाल गुप्ता के नाम सामने आए हैं। पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है।

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि विदेश में शिक्षा, नौकरी, वीजा अथवा अन्य सेवाएं दिलाने वाली किसी भी कंसल्टेंसी को राशि देने से पहले उसकी वैधता, संबंधित संस्थान की मान्यता और दस्तावेजों का सत्यापन जरूर करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या धोखाधड़ी की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news