दुर्ग : न्यूज़ 36 : जेवरा सिरसा चौकी पुलिस ने 38 लाख रुपये के गबन मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी एरिया सेल्स ऑफिसर को गिरफ्तार किया है।
आरोपी पर व्यापारियों से प्राप्त रकम कंपनी खाते में जमा न कर निजी उपयोग में खर्च करने का आरोप है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्रा ने बताया कि प्रार्थी द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि गोयल ट्रेडर्स, जेवरा सिरसा में एरिया सेल्स ऑफिसर के पद पर कार्यरत आरोपी राजेश जायसवाल द्वारा कंपनी के चाय पत्ती, सेवई, वाशिंग पाउडर एवं अन्य पैकेजिंग सामग्री के विक्रय से प्राप्त रकम को कंपनी खाते में जमा नहीं किया गया। आरोपी द्वारा व्यापारियों से प्राप्त राशि का उपयोग निजी मकान निर्माण एवं अन्य निजी कार्यों में किया गया।
26 माह तक करता रहा गबन
पुलिस के अनुसार गोयल ट्रेडर्स में कार्यरत आरोपी राजेश जायसवाल एरिया सेल्स ऑफिसर के पद पर पदस्थ था।
आरोप है कि वर्ष 2020 से 2022 के बीच करीब 26 माह की अवधि में उसने कंपनी की चाय पत्ती, सेवई, वाशिंग पाउडर और अन्य पैकेजिंग सामग्री की बिक्री से प्राप्त रकम कंपनी खाते में जमा नहीं की।
मकान निर्माण और निजी कामों में खर्च किए रुपये
जांच में सामने आया कि आरोपी ने व्यापारियों से वसूली गई रकम का उपयोग निजी मकान निर्माण और अन्य व्यक्तिगत कार्यों में किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ के दौरान गबन की राशि निजी खर्चों में उपयोग करना स्वीकार किया है।
बिलासपुर से हुई गिरफ्तारी
दुर्ग पुलिस की टीम ने आरोपी की तलाश करते हुए उसे बिलासपुर से गिरफ्तार किया। इसके बाद आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
धारा 409 और 420 के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 409 और 420 के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले में लेन-देन संबंधी दस्तावेज एवं अन्य अभिलेख जब्त किए गए हैं।
पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में उप निरीक्षक खगेन्द्र पठारे, प्रधान आरक्षक जगजीत सिंह, आरक्षक हीरालाल देशमुख एवं आरक्षक यशवंत पिस्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से सतर्क रहने की अपील
दुर्ग पुलिस ने व्यवसायिक प्रतिष्ठानों और आम नागरिकों से आर्थिक लेन-देन का नियमित सत्यापन एवं निगरानी रखने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि वित्तीय अनियमितताओं की सूचना तत्काल पुलिस को दें, आर्थिक अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
