भिलाई : न्यूज़ 36 : महिला थाना सेक्टर-6 भिलाई में दहेज प्रताड़ना, मारपीट और जान से मारने की धमकी का मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता सुमन ओगरे ने अपने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सुमन ओगरे ने शिकायत में बताया कि उसकी शादी 13 नवंबर 2022 को महेश ओगरे के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही पति और ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।
आवेदिका ने आरोप लगाया कि उसे बार-बार अपमानित किया जाता था और दहेज लाने के लिए दबाव बनाया जाता था। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया जाता था। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसके पति के किसी अन्य महिला से संबंध हैं, जिसके चलते उसे और अधिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है। पीड़िता के दो छोटे बच्चे हैं, जिनकी जिम्मेदारी भी उसी पर है।
मामले में महिला थाना द्वारा जांच के बाद प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर पति महेश ओगरे सहित ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों में सास रीना बाई ओगरे, ससुर रामचंद्र ओगरे, देवरों में अजीत ओगरे, सूरज ओगरे, मनीष औगरे के खिलाफ बीएनएस की धारा 85, 296, 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरु कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी आरोपों की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
