Monday, July 20, 2026

परमेश्वरी आश्रम में ₹30 लाख की कथित गड़बड़ी का मामला, कोर्ट के आदेश पर 3 के खिलाफ FIR

दुर्ग : न्यूज़ 36 : देवांगन समाज द्वारा निर्मित परमेश्वरी आश्रम में लगभग 30 लाख रुपये की कथित वित्तीय गड़बड़ी और छल-कपट के मामले में न्यायालय के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी दुर्ग ऐश्वर्या दीवान ने प्रस्तुत दस्तावेजों और थाना प्रभारी कोतवाली की रिपोर्ट के आधार पर प्रथम दृष्टया मामला बनता पाए जाने पर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए।

कोतवाली थाना पुलिस ने लक्ष्मीनारायण देवांगन (पंचशील नगर), पवन कुमार देवांगन (नयापारा, दुर्ग) और अनिल देवांगन (कोष्टापारा, बघेरा) के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 336(2), 318(4), 316(5) एवं 3 (5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।

आवेदक पुरानिक राम देवांगन, जो दुर्ग जिला देवांगन समाज के अध्यक्ष रहे हैं, ने अपने अधिवक्ता प्रदीप नेमा के माध्यम से न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत किया था।

अधिवक्ता प्रदीप नेमा के अनुसार, वर्ष 2017 में आयोजित जिला स्तरीय सामाजिक अधिवेशन में तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने देवांगन समाज की मांग पर परमेश्वरी आश्रम निर्माण के लिए 15 लाख रुपये स्वीकृत किए थे। इसके बाद नगर पालिका निगम दुर्ग ने मोहलई रोड, बघेरा में करीब ढाई एकड़भूमि उपलब्ध कराई और वर्ष 2019 में एक हॉल तथा विद्युत व्यवस्था सहित भवन समाज को सौंप दिया।

शिकायत के अनुसार, बाद में महापौर निधि से 5 लाख रुपये, सांसद निधि से 6 लाख रुपये तथा विधायक निधि से 10 लाख रुपये सहित विभिन्न स्रोतों से आश्रम के विकास के लिए राशि प्राप्त हुई। 18 अगस्त 2019 को परमेश्वरी आश्रम संचालन समिति का गठन कर लक्ष्मीनारायण देवांगन को भवन प्रभारी बनाया गया था।

परिवाद में आरोप लगाया गया है कि भवन प्रभारी लक्ष्मीनारायण देवांगन तथा अन्य पदाधिकारी पवन कुमार देवांगन और अनिल देवांगन ने दुर्ग जिला देवांगन समाज की सहमति और जानकारी के बिना आश्रम का संचालन किया तथा उससे प्राप्त आय का हिसाब समाज को नहीं दिया। शिकायतकर्ताओं द्वारा जानकारी और आय-व्यय का विवरण मांगे जाने पर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई।
न्यायालय के आदेश के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। मामले में आरोपों की सत्यता का अंतिम निर्णय पुलिस विवेचना और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगा।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news