भिलाई : न्यूज़ 36 : स्मृति नगर स्थित विश्वनाथ होटल में गंदगी के बीच नाश्ता बनाए जाने की शिकायत के बाद शुक्रवार को फूड एंड सेफ्टी डिपार्टमेंट की टीम ने छापेमारी की। विभाग की टीम जब पहुंची तो शिकायत सही पाई गई। फूड एंड सेफ्टी डिपार्टमेंट से विश्वनाथ होटल को 10 दिनों के लिए बंद करने का निर्देश दिया। सब कुछ सही होने के बाद दोबारा अनुमति लेने के बाद ही होटल को शुरू करने का निर्देश भी दिया गया।
बता दें स्मृति नगर में विश्वनाथ होटल इडली व डोसा के लिए प्रसिद्ध है। यहां सुबह नाश्ता करने सैकड़ों की संख्या में लोग जमा होते हैं। हालांकि इस बीच फूड एंड सेफ्टी डिपार्टमेंट के पास होटल में गंदगी के बीच खात्र पदार्थ बनाए जाने की शिकायत मिली। शुक्रवार को फूड ऑफिसर ने अपनी टीम के साथ रेड की। रेड के दौरान टीम को नाश्ता बनाने वाली जगह पर काफी गंदगी मिली। इसके बाद टीम ने संचालक को बुलाकर जवाब तलब किया।
खाद्य अधिकारी जितेन्द्र कुमार नीले ने बताया कि गंदगी की शिकायत पर रेड की गई है। यहां मौके पर काफी गंदगी देखने को मिली। जहां नाश्ता सामग्री बनाई जा रही थी वह वॉशरूम व टॉयलेट के पास है। इसके लिए होटल को 10 दिनों के लिए बंद करने का निर्देश दिया गया है। 10 दिन बाद फिर से अनुमति लेकर होटल को शुरू किया जा सकता है।
