तार जाली चोरी का मामला : छावनी के गोदाम से चोरी की संपत्ति बरामद, रेल पटरी से लेकर गैस सिलेंडर तक, 18 टन से ज्यादा कबाड़ की जांच
भिलाई : न्यूज़ 36 : जामुल के देवनगर और शिवपुरी इलाके से लोहे के एंगल और तार जाली चोरी करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पाण्डेय कबाड़ी के संचालक बताए जा रहे 65 वर्षीय सुरेश सिंह उर्फ सुरेश पाण्डेय को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपने कर्मचारियों के साथ मिलकर लोहे की सामग्री चोरी कर कबाड़ी गोदाम में रखता था। शंकर नगर, छावनी स्थित गोदाम से चोरी के 20 लोहे के एंगल और तार जाली के दो बंडल बरामद किए गए हैं। इसके अलावा गोदाम में मिले करीब 18 टन से अधिक कबाड़ और अन्य संदिग्ध सामग्री की भी जांच की जा रही है।
गोदाम में रेड के बाद खुलने लगी परतें
दुर्ग पुलिस के अनुसार, देवनगर और शिवपुरी क्षेत्र में वर्ष 2025 के दौरान लोहे के एंगल और तार जाली चोरी होने के मामले में थाना जामुल में अपराध क्रमांक 400/2025, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान 13 अक्टूबर 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि शंकर नगर, छावनी स्थित पाण्डेय कबाड़ी के गोदाम में चोरी का स्क्रैप छिपाकर रखा गया है।
सूचना पर पुलिस टीम ने गोदाम में छापा मारा। वहां लोहे के एंगल, तार जाली और अन्य लौह सामग्री मिलने के बाद पुलिस ने उन्हें जब्त कर जांच शुरु की। गोदाम में मौजूद मैनेजर नरसिंह यादव से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर बरामद सामग्री का जामुल में दर्ज चोरी के मामले से मिलान किया गया। नरसिंह यादव को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान सुरेश सिंह उर्फ सुरेश पाण्डेय की कथित संलिप्तता सामने आने पर पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। 17 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में वर्ष 2025 के दौरान अपने कर्मचारियों के साथ देवनगर और शिवपुरी क्षेत्र से लोहे के एंगल एवं तार जाली चोरी करने के संबंध में जानकारी सामने आई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
रेल पटरी, गैस सिलेंडर और मशीनरी भी मिली
गोदाम से चोरी के मामले से संबंधित 20 लोहे के एंगल और तार जाली के दो बंडल जब्त किए गए हैं। इसके अलावा पुलिस को रेल पटरी का एक टुकड़ा, 10 एंगल पट्टियां, लोहे का सरिया, गैस कटिंग नोजल, तीन तौल मशीनें, आठ ऑक्सीजन सिलेंडर, चार एलपीजी सिलेंडर, लोहे की क्वाइल के चार बंडल और अन्य सामग्री मिली है।
गोदाम से करीब 18 टन से अधिक अन्य लौह कबाड़, चमकीली धातु की चार बोरियां, एल्युमिनियम की पट्टी, कैलकुलेटर और CG 07 BR 3212 नंबर का टाटा-एस पिकअप वाहन भी जब्त किया गया है। पुलिस अब बरामद सामग्री के स्रोत और उसके वैध स्वामित्व की जांच कर रही है।
क्या अन्य चोरी के मामलों से भी जुड़े हैं तार?
गोदाम में बड़ी मात्रा में मिले कबाड़ और अन्य सामग्री को लेकर पुलिस की जांच जारी है। बरामद सामग्री किन प्रतिष्ठानों या स्थानों से लाई गई थी, इसके दस्तावेज और स्वामित्व संबंधी जानकारी खंगाली जा रही है। पुलिस संभावित अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। हालांकि, बरामद सभी सामग्री को चोरी का माल मानने की पुष्टि अभी नहीं हुई है।
दुर्ग पुलिस की अपील
कबाड़ कारोबारियों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों से कहा गया है कि लोहे, मशीनरी और स्क्रैप की खरीद-बिक्री के दौरान वैध स्वामित्व तथा आवश्यक दस्तावेजों की जांच करें। संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
