भिलाई : न्यूज़ 36 : जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए दुर्ग पुलिस ने रविवार तड़के विशेष चेकिंग अभियान चलाया। सुबह 4 बजे से 8 बजे तक थाना खुर्सीपार और जामुल क्षेत्र में 50 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने सघन तलाशी, सत्यापन और वारंटियों की धरपकड़ की। अभियान के दौरान 34 पौवा अवैध शराब जब्त की गई, जबकि 7 वारंटों का तामील भी किया गया।
देवार बस्ती में अवैध शराब पर कार्रवाई
थाना खुर्सीपार क्षेत्र की देवार बस्ती में पुलिस ने सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान एक व्यक्ति के कब्जे से 34 पौवा अवैध शराब बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
7 वारंट तामील, एक वारंटी की हो चुकी थी मौत
विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 2 स्थायी वारंट और 5 गिरफ्तारी वारंट तामील किए। वहीं एक गिरफ्तारी वारंटी की मृत्यु हो चुकी थी, जिसके संबंध में नियमानुसार मृत्यु प्रमाण-पत्र प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई पूरी की गई।

अटल आवास में हुआ सघन सत्यापन
थाना जामुल क्षेत्र के नालंदा परिसर के पीछे स्थित अटल आवास में रहने वाले लोगों का सत्यापन किया गया। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से व्यापक चेकिंग अभियान चलाया।
एसएसपी के निर्देश पर चला अभियान
यह विशेष अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देश पर संचालित किया गया। अभियान का पर्यवेक्षण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) शोभराज अग्रवाल ने किया। इसमें सीएसपी भिलाई नगर, सीएसपी छावनी, थाना प्रभारी खुर्सीपार, जामुल, नेवई, भिलाई भट्टी, एसीसीयू, यातायात शाखा, रक्षित केंद्र सहित कुल 50 अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
पुलिस ने नागरिकों से की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में अवैध शराब, वारंटियों या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अपराधियों के खिलाफ ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
