भिलाई : न्यूज़ 36 : हिमालय की बर्फीली वादियों और चुनौतीपूर्ण पहाड़ी रास्तों के बीच भिलाई के दो ट्रैकर्स के. एस. सिद्धांत और गिडियन सपाटे ने ‘सार पास 2026’ ट्रैक अभियान सफलतापूर्वक पूरा कर शहर का नाम रोशन किया है। यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (वाईएचएआई) द्वारा आयोजित यह राष्ट्रीय स्तर का ट्रैकिंग कार्यक्रम 13 मई से 19 मई तक हिमाचल प्रदेश की खूबसूरत पार्वती घाटी में आयोजित किया गया।
इस रोमांचक अभियान में देशभर के विभिन्न राज्यों और शहरों से लगभग 47 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। ट्रैक की शुरुआत सियोबाग स्थित बेस कैंप से हुई, जहां से दल ने ग्रेहान गांव, मिन-थाच, नगरू कैंपसाइट और बिस्केरी कैंपसाइट जैसे दुर्गम पड़ावों को पार करते हुए करीब 13,800 फीट की ऊंचाई पर स्थित सार पास तक का सफर तय किया। अभियान के दौरान के. एस. सिद्धांत ने डिप्टी ट्रेक लीडर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई। कठिन पहाड़ी मार्गों, बर्फीले ट्रैक और बदलते मौसम के बीच उन्होंने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करने के साथ टीम समन्वय में भी अहम भूमिका निभाई। वहीं 59 वर्षीय बीएसपी कर्मचारी गिडियन सपाटे ने अपने उत्साह, साहस और मजबूत इच्छाशक्ति से सभी को प्रभावित किया। उनकी ऊर्जा और सकारात्मकता युवा प्रतिभागियों के लिए भी प्रेरणा का केंद्र बनी रही। सार पास ट्रेक हिमालय के सबसे लोकप्रिय और चुनौतीपूर्ण ट्रैक्स में गिना जाता है। घने जंगल, बर्फ से ढकी ढलानें, ऊंची चढ़ाइयां और मनमोहक प्राकृतिक दृश्य इस ट्रेक को बेहद खास बनाते हैं। पूरे अभियान के दौरान प्रतिभागियों ने कठिन मौसम परिस्थितियों का सामना करते हुए साहस और धैर्य का परिचय दिया। भिलाई लौटने पर सिद्धांत और सपाटे को मित्रों, ट्रेकिंग प्रेमियों एवं शुभचिंतकों द्वारा बधाइयां दी जा रही हैं। दोनों की इस उपलब्धि को युवाओं के लिए साहस, फिटनेस और रोमांच के प्रति प्रेरणादायक उदाहरण माना जा रहा है।
आप की राय
[yop_poll id="1"]
