भिलाई : न्यूज 36 : भिलाई इस्पात संयंत्र ने अपने निगमित सामाजिक दायित्व कार्यक्रम के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को सुदृढ़ करने की दिशा में दुर्ग जिला चिकित्सालय के सहयोग से दुर्ग जिले के गोढ़ी एवं खोपली गांवों में निःशुल्क चिकित्सा जांच एवं स्वास्थ्य परामर्श शिविरों का आयोजन किया। शिविरों में ग्रामीणों को निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श तथा आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
दिनांक 20 जुलाई 2026 को दुर्ग जिले के धमधा विकासखंड स्थित ग्राम गोधी में आयोजित चिकित्सा शिविर में जिला चिकित्सालय, दुर्ग की ओर से चिकित्सा अधिकारी डॉ. गायत्री श्याम, फार्मासिस्ट जान्हवी, नर्सिंग स्टाफ तृप्ति कुमारी, पंजीयन सहयोगी राकेश कुमार तथा सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) गुलेश्वरी साहू ने सेवाएं प्रदान कीं।

शिविर में कुल 40 ग्रामीणों, जिनमें 12 पुरुष एवं 28 महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं निःशुल्क दवाइयां प्रदान की गईं। इसी क्रम में 21 जुलाई 2026 को दुर्ग जिले के निकुम विकासखंड स्थित ग्राम खोपली में आयोजित चिकित्सा शिविर में चिकित्सा अधिकारी डॉ. गायत्री श्याम, फार्मासिस्ट मनीष देशमुख, नर्सिंग स्टाफ रेणुका वर्मा तथा पंजीयन सहयोगी विवेक ध्रुव ने अपनी सेवाएं दीं। इस शिविर में 50 ग्रामीणों, जिनमें 28 पुरुष एवं 22 महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।
