Monday, July 20, 2026

भिलाई में एमएसएमई क्लस्टर डेवलपमेंट पर जागरुकता कार्यक्रम

उद्योगों को सामूहिक विकास का दिया गया मंत्र

भिलाई : न्यूज़ 36 : सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्रालय के तत्वावधान में एमएसएमई डेवलपमेंट एंड फैसिलिटेशन ऑफिस, रायपुर तथा बीएसपी एंसिलरी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के संयुक्त सहयोग से शनिवार को भिलाई स्थित एंसिलरी एसोसिएशन कार्यालय में एमएसएमई क्लस्टर डेवलपमेंट विषय पर जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उद्योगों के सामूहिक विकास और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा हुई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता एंसिलरी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष रतन दासगुप्ता ने की। मुख्य वक्ता के रूप में एमएसएमई, छत्तीसगढ़ के ज्वाइंट डायरेक्टर एवं एचओडी लोकेश परगनिहा तथा असिस्टेंट डायरेक्टर दामोदर बेहरा ने उद्यमियों को एमएसएमई क्लस्टर की अवधारणा, इसके लाभ और सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

लोकेश परगनिहा ने बताया कि एमएसएमई क्लस्टर एक ही क्षेत्र में समान उत्पाद या सेवाओं से जुड़े 20 से 100 उद्योगों का समूह होता है, जो सामूहिक रूप से कार्य कर लागत कम करने, तकनीकी सुविधाओं का साझा उपयोग करने और बाजार में प्रतिस्पर्धा बढ़ाने में मदद करता है। उन्होंने कहा कि क्लस्टर के माध्यम से कच्चा माल कम कीमत पर खरीदा जा सकता है, जबकि टेस्टिंग लैब, ट्रेनिंग सेंटर और वेयरहाउस जैसी साझा सुविधाएं भी विकसित की जा सकती हैं।

एंसिलरी एसोसिएशन के अध्यक्ष रतन दासगुप्ता ने कहा कि संगठन भविष्य में एमएसएमई क्लस्टर के गठन के लिए रणनीति तैयार करेगा। उन्होंने कहा कि एंसिलरी उद्योगों को क्लस्टर के रूप में संगठित कर स्थानीय उद्योगों को नई गति दी जाएगी तथा सरकार के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाएगा।

बैठक के दौरान उद्यमियों ने एमएसएमई क्लस्टर से जुड़ी अपनी शंकाएं और समस्याएं भी रखीं, जिनका अधिकारियों ने समाधान किया और भविष्य में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उद्योगों के समक्ष आ रही अन्य चुनौतियों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के अंत में निर्णय लिया गया कि एक माह बाद पुनः बैठक आयोजित कर एमएसएमई क्लस्टर के गठन की दिशा में आगे की रणनीति तय की जाएगी।

इस दौरान अधिक से अधिक उद्यमियों से सुझाव लेकर कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष यू.एस. गुप्ता, वरिष्ठ सदस्य एस. चौपड़ा, पी.सी. लालवानी, डी. राय चौधरी, महासचिव श्याम अग्रवाल, उपाध्यक्ष शशिभूषण, सचिव वरुण घोष एवं रवि मिश्रा, वरिष्ठ समन्वयक अवि सहगल, अर्नव झाम्ब, हरीश मुदलियार, राजकरण यादव, राहुल सियाल सहित बड़ी संख्या में उद्यमी उपस्थित रहे।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news