वार्ड पार्षद की शिकायत पर ज्वेलर्स संचालक गिरफ्तार
भिलाई : न्यूज़ 36 : गरीब और जरूरतमंद लोगों के गिरवी रखे सोने के जेवरात वापस नहीं कर बेईमानीपूर्वक हड़पने के आरोप में खुर्सीपार पुलिस ने एक ज्वेलर्स संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ वार्ड पार्षद की शिकायत पर मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई 2026 को वार्ड पार्षद भूपेन्द्र यादव ने थाना खुर्सीपार में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि दिसंबर 2025 में आर्थिक आवश्यकता के चलते उन्होंने अपनी पत्नी के 44.300 ग्राम सोने के जेवरात जय मातादी ज्वेलर्स, सुभाष मार्केट, खुर्सीपार के संचालक अमित सोनी के पास 4.50 लाख रुपये के बदले गिरवी रखे थे।
शिकायत के मुताबिक, बाद में जब उन्होंने गिरवी की पूरी राशि लेकर अपने जेवर वापस मांगे, तो आरोपी ने पैसे लेने के बावजूद लगातार बहाने बनाकर टालमटोल शुरु कर दी। न तो जेवर वापस किए और न ही राशि लौटाई, जिससे विश्वास का दुरुपयोग कर संपत्ति हड़पने का मामला सामने आया।
मामले की जांच के बाद खुर्सीपार थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 312/2026 दर्ज कर आरोपी अमित सोनी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि आरोपी आर्थिक जरुरतमंद लोगों से सोने के जेवर गिरवी रखवाता था और गिरवी अवधि पूरी होने तथा राशि वापस मिलने के बाद भी जेवर लौटाने में आनाकानी कर उन्हें हड़पने का प्रयास करता था।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति या प्रतिष्ठान के पास आभूषण अथवा अन्य मूल्यवान वस्तुएं गिरवी रखने से पहले उसके दस्तावेजों और वैधानिक स्थिति का सत्यापन अवश्य करें। किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
