Tuesday, August 18, 2026

कांवड़ यात्रा से लौट रही महिला पर एसिड अटैक, दो बच्चे भी झुलसे

नंदिनी पुलिस ने दर्ज किया मामला

भिलाई : न्यूज़ 36 : सावन में कांवड़ यात्रा के दौरान भोलेनाथ के मंदिर में जल चढ़ाने जा रही महिला पर अज्ञात हमलावर द्वारा एसिडनुमा पदार्थ फेंकने का मामला सामने आया है। घटना नंदिनी थाना क्षेत्र में धमधा रोड पर रवेलीडीह और अरसनारा के बीच पुरानी राइस मिल के पास सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। हमले में महिला के शरीर के कई हिस्से झुलस गए, जबकि उसके साथ मौजूद दो बच्चों को भी मामूली चोटें आई हैं।

जानकारी के मुताबिक, करंजा भिलाई निवासी करीब 32 वर्षीय मीना बाई निषाद, पति संतोष निषाद, अपने दोनों बच्चों के साथ कांवड़ में जल लेकर जा रही थीं। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें रास्ते में रोककर उन पर एसिड जैसा पदार्थ फेंक दिया और मौके से फरार हो गया

हाथ, सीना, कान और सिर झुलसा

हमले में मीना बाई का दाहिना हाथ, सीना, कान और सिर का हिस्सा झुलस गया है। घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए शंकराचार्य अस्पताल, जुनवानी में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हमले के दौरान उनके साथ मौजूद दोनों बच्चों पर भी पदार्थ की कुछ बूंदें पड़ीं, जिससे उन्हें मामूली चोटें आई हैं।

नंदिनी पुलिस ने दर्ज किया अपराध

घटना की सूचना मिलते ही नंदिनी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी। पुलिस ने अपराध क्रमांक 0271/26 के तहत धारा 124(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अज्ञात हमलावर की पहचान और हमले के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, CCTV खंगाल रही पुलिस

घटना के बाद पुलिस टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। आरोपी की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, वहीं प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस रंजिश सहित अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है। फिलहाल यह भी जांच का विषय है कि महिला पर फेंका गया पदार्थ वास्तव में एसिड था या कोई अन्य रासायनिक पदार्थ। पुलिस की जांच के बाद ही इसकी पुष्टि हो सकेगी।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news