Tuesday, May 26, 2026

बीएसपी से 210 किलो स्क्रैब कॉपर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

वाहन समेत 1.26 लाख का माल जब्त

भिलाई : न्यूज़ 36 : थाना भिलाई भट्ठी पुलिस ने भिलाई इस्पात संयंत्र में घुसकर स्क्रैब कॉपर चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 210 किलोग्राम स्क्रैब कॉपर और घटना में प्रयुक्त कार जब्त की गई है। जब्त मशरुका की कुल कीमत करीब 1 लाख 26 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार भिलाई इस्पात संयंत्र के प्लेट मिल-03 के पीछे स्थित क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा अवैध रुप से प्रवेश कर स्क्रैब कॉपर चोरी किए जाने की सूचना सीआईएसएफ ने थाना भिलाई भट्ठी को दी थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु की।

विवेचना के दौरान आरोपी नेमचंद यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर वाहन क्रमांक CG 07 BF 9243 में स्क्रैब कॉपर लोड कर चोरी कर ले जाने का प्रयास करना स्वीकार किया। बताया गया कि आरोपी को सीआईएसएफ ने मौके पर ही पकड़ लिया था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 210 किलोग्राम स्क्रैब कॉपर और घटना में प्रयुक्त स्वीफ्ट कार जब्त कर ली। आरोपी नेमचंद यादव (32 वर्ष), निवासी स्टेशन मरोदा बीआरपी कॉलोनी, नेवई जिला दुर्ग को 25 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

पूरे मामले में थाना प्रभारी भिलाई भट्ठी निरीक्षक प्रकाश कांत, उप निरीक्षक भारत सिंह चौधरी एवं प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम साहू की भूमिका सराहनीय रही। दुर्ग पुलिस ने लोगों से औद्योगिक एवं सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा में सहयोग करने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news