चोरी का लोहा खरीदने और गोदाम में छिपाने का आरोप, कबाड़ी का मैनेजर गिरफ्तार
भिलाई : न्यूज़ 36 : जामुल थाना क्षेत्र में चोरी का लोहा खरीदकर गोदाम में रखने के मामले में पुलिस ने कबाड़ी के मैनेजर नरसिंह यादव (51) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शंकर नगर, छावनी स्थित पांडे कबाड़ी के गोदाम में छापेमारी कर रेल पटरी, लोहे के एंगल, सरिया, जाली समेत बड़ी मात्रा में स्क्रैप सामग्री बरामद की है। बरामद सामग्री में जामुल थाने में दर्ज पूर्व के चोरी के मामले से संबंधित लोहे के एंगल और जाली की पहचान भी की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
दुर्ग पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उदय स्कूल के पीछे स्थित पांडे कबाड़ी के गोदाम में ट्रक चालकों से लोहे का स्क्रैप और अन्य लोहे की सामग्री खरीदकर रखी जा रही है। सूचना की तस्दीक के बाद जामुल पुलिस की टीम ने गोदाम में छापेमारी की। तलाशी के दौरान वहां रेल पटरी, लोहे के एंगल, सरिया, जाली और अन्य स्क्रैप सामग्री के साथ गैस कटर, तौल मशीन, ऑक्सीजन सिलेंडर एवं एलपीजी सिलेंडर भी मिले।

पूछताछ में सामने आए अन्य लोगों के नाम
संदिग्ध सामग्री मिलने पर पुलिस ने गोदाम के मैनेजर नरसिंह यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने सुरेश सिंह और अन्य श्रमिकों के साथ विभिन्न स्थानों से लोहे का सामान चोरी करने तथा अन्य लोगों से स्क्रैप खरीदकर गोदाम में रखने की जानकारी दी। गोदाम में गैस कटर से लोहे को काटने और तौल के बाद भुगतान करने संबंधी तथ्य भी सामने आए हैं।
पूर्व के चोरी के मामले से जुड़ी सामग्री बरामद
पुलिस ने बरामद लोहे के एंगल और जाली का मिलान थाना जामुल के अपराध क्रमांक 400/2025, धारा 303(2) बीएनएस के तहत दर्ज चोरी के मामले से किया। मिलान होने पर संबंधित सामग्री को जप्त कर लिया गया। पुलिस अब मामले में अन्य व्यक्तियों की भूमिका और गोदाम से बरामद शेष सामग्री के संबंध में जांच कर रही है।
कबाड़ कारोबारियों से पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने कबाड़ व्यवसायियों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों से अपील की है कि लोहे, रेल पटरी, औद्योगिक उपकरणों एवं अन्य स्क्रैप की खरीदी-बिक्री करते समय वैध दस्तावेजों, विक्रेता की पहचान और सामग्री के स्वामित्व का सत्यापन जरूर करें। चोरी की संपत्ति खरीदने या उसे अपने पास रखने में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल देने की अपील भी की
है।
