भिलाई : न्यूज़ 36 : सुपेला थाना पुलिस ने लक्ष्मी मार्केट स्थित एक गोदाम से एसी कॉपर वायर चोरी के मामले का खुलासा करते हुए 19 वर्षीय आरोपी आकाश पाल को गिरफ्तार किया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़कर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई 2026 को गोदाम संचालक गजानंद नौखरे ने पीछे का शटर उठाकर गोदाम में रखे एसी कॉपर वायर की चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। विवेचना के दौरान मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक आकाशगंगा मार्केट के पास चोरी का कॉपर वायर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।
सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने 22 जुलाई की रात करीब 12:30 बजे गोदाम के पीछे से शटर उठाकर अंदर घुसने और कॉपर वायर चोरी करने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर लाल मैदान, फरीद नगर के पास झाड़ियों में छिपाकर रखा चोरी का कॉपर वायर बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी आकाश पाल को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
