Sunday, November 29, 2026

भिलाई की जैन दंपति के नेतृत्व में अमेरिका के सेंट लुईस में सबसे बड़ा दान अभियान

बच्चों ने जुटाया 1,400 से अधिक जरूरत का सामान

दीपावली और थैंक्सगिविंग के संगम पर हिंदी यूएसए सेंट लुईस हिंदी विद्यालय की सेवा पहल ने जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाई मदद

भिलाई : न्यूज़ 36 : अमेरिका के मिसौरी राज्य में संचालित हिंदी यूएसए सेंट लुईस हिंदी विद्यालय ने दीपावली और थैंक्स गिविंग के अवसर पर अपना अब तक का सबसे बड़ा खाद्य एवं आवश्यक वस्तु दान अभियान चलाया, जिसकी अगुवाई इस्पात नगरी भिलाई निवासी और हिंदी यूएसए सेंट लुईस के संस्थापक एवं स्कूल कोऑर्डिनेटर मयंक जैन, उनकी पत्नी डॉ. अंशु जैन और स्वयंसेवी शिक्षक कपिल खत्री ने की।यहां विद्यार्थियों, अभिभावकों और परिवारों ने लगातार दो सप्ताह तक उत्साहपूर्वक दान सामग्री उपलब्ध कराई। मयंक जैन ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल बच्चों को हिंदी सिखाना नहीं, बल्कि उन्हें भारतीय संस्कृति, संस्कार और सेवा भाव से जोड़ना भी है। उन्होंने कहा कि भारत से हजारों किलोमीटर दूर रहकर भी वे चाहते हैं कि अगली पीढ़ी भारतीय परंपराओं में निहित दान, करुणा और परोपकार के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाए।

1,400 से अधिक वस्तुओं का संग्रह और वितरण

अभियान के दौरान विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्वयंसेवी शिक्षकों ने मिलकर 1,400 से अधिक वस्तुएं एकत्रित कीं। इनमें डिब्बाबंद फल, सब्जियां, सूप, पास्ता, मैकरोनी एवं चीज़, अनाज (सीरियल), जेली एवं जैम, जूस के डिब्बे, स्नैक्स और पैकेट बंद भोजन जैसी खाद्य सामग्री के साथ दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएँ भी शामिल थीं। दो सप्ताह तक विद्यालय में एकत्रित की गई सभी वस्तुएँ स्थानीय गैर-लाभकारी संस्था लोव्स एंड फिशेस को सौंपी गईं। विद्यालय ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों और परिवारों का हृदय से आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग और बच्चों की सक्रिय भागीदारी से यह विद्यालय का अब तक का सबसे बड़ा दान अभियान बन सका।

लोव्स एंड फिशेस की सेवाएं और आभार संदेश

मयंक और डॉ. अंशु जैन ने बताया कि लोव्स एंड फिशेस जैसी सामाजिक संस्थाएँ अमेरिका में आर्थिक रूप से कमजोर और बेघर परिवारों की सहायता करती हैं और हर वर्ष हजारों जरूरतमंद लोगों को भोजन, अस्थायी आश्रय तथा अन्य आवश्यक सहायता प्रदान करती हैं। संस्था की वेयरहाउस मैनेजर डायोन और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जैकी ने हिंदी यूएसए के विद्यार्थियों और परिवारों के प्रयासों की सराहना करते हुए विशेष धन्यवाद वीडियो संदेश साझा किया। उन्होंने बताया कि लोव्स एंड फिशेस (सेंट लुइस, मिसौरी, अमेरिका) एक गैर-लाभकारी संस्था है, जो हर वर्ष 15,000 से अधिक जरूरतमंद लोगों को आवास, बिजली-पानी के बिलों के भुगतान और खाद्य सहायता जैसी सेवाएं प्रदान करती है। विशेष रूप से खाद्य सहायता कार्यक्रम के अंतर्गत यह संस्था हर वर्ष 11,800 से अधिक लोगों की मदद करती है और लगभग 6 लाख भोजन वितरित करती है।

दीपावली और थैंक्सगिविंग का अनूठा संगम

मयंक और डॉ. अंशु जैन ने बताया कि इस वर्ष दान अभियान को भारतीय पर्व दीपावली और अमेरिकी पर्व थैंक्सगिविंग से जोड़ा गया। थैंक्सगिविंग अमेरिका का प्रमुख त्योहार है, जिसमें लोग जीवन में मिली खुशियों, सुविधाओं और सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। हिंदी यूएसए ने इन दोनों पर्वों के माध्यम से बच्चों को यह संदेश दिया कि त्योहार केवल उत्सव मनाने का नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की सहायता करने का भी अवसर हैं।

हिंदी, संस्कृति और सेवा के संस्कार

मयंक और डॉ. अंशु जैन ने बताया कि हिंदी यूएसए सेंट लुईस कई वर्षों से अमेरिका में बच्चों को हिंदी भाषा और भारतीय संस्कृति से जोड़ने का कार्य कर रहा है। विद्यालय में हर शुक्रवार हिंदी कक्षाएं संचालित होती हैं और वर्षभर में लगभग 32 साप्ताहिक कक्षाएं आयोजित की जाती हैं। इसके अतिरिक्त विद्यालय हर वर्ष दीपावली एवं नवरात्रि महोत्सव, मेगा मेला, हिंदी कविता पाठ प्रतियोगिता, सांस्कृतिक नृत्य महोत्सव और शिक्षक सम्मान समारोह जैसे प्रमुख कार्यक्रम आयोजित करता है। साथ ही स्वयंसेवक प्रतिवर्ष 2–3 सामुदायिक सेवा परियोजनाएँ भी संचालित करते हैं, जिनमें जरूरतमंदों के लिए सैंडविच तैयार करना तथा खाद्य एवं आवश्यक वस्तुओं का दान शामिल है। इन गतिविधियों का उद्देश्य बच्चों में सेवा, करुणा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। हिंदी यूएसए की यह पहल दर्शाती है कि विदेशों में रहने वाले भारतीय परिवार भी अपनी सांस्कृतिक परंपराओं के माध्यम से स्थानीय समाज में सकारात्मक योगदान दे रहे हैं।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news