Saturday, November 28, 2026

छत्तीसगढ़ी के सम्मान में ही छत्तीसगढ़ का सम्मान : पारकर

छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस पर वरिष्ठ साहित्यकार ने कहा : मातृभाषा का सम्मान समारोहों तक सीमित न रहे, दैनिक व्यवहार में अपनाएं

भिलाई : न्यूज़ 36 : छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस के अवसर पर संस्कृति विभाग छत्तीसगढ़ शासन की ओर से राजधानी रायपुर में शनिवार को राज्य स्तरीय आयोजन हुआ, जिसमें प्रदेश के प्रमुख छत्तीसगढ़ी साहित्यकारों ने भागीदारी की। आयोजन में हाल ही में छत्तीसगढ़ शासन की ओर से ‘लाला जगदलपुरी साहित्य सम्मान’ राज्य अलंकरण प्राप्त करने वाले वरिष्ठ छत्तीसगढ़ी साहित्यकार एवं एम.ए. छत्तीसगढ़ी के प्रवर्तक दुर्गा प्रसाद पारकर ने विशिष्ट रूप से शिरकत की और छत्तीसगढ़ी भाषा के संवर्धन पर अपनी बात रखी।

भाषा संस्कृति और सामूहिक अस्मिता की पहचान

आयोजन में अपने विचार रखते हुए दुर्गा प्रसाद पारकर ने छत्तीसगढ़ी भाषा की महत्ता, उपयोगिता और सामाजिक-सांस्कृतिक भूमिका पर सारगर्भित बातें कहीं। उन्होंने कहा कि भाषा केवल संवाद का माध्यम भर नहीं है, बल्कि यह किसी समाज की संस्कृति, परंपरा, लोकजीवन, इतिहास और सामूहिक अस्मिता की पहचान होती है।

लोकसंस्कृति की आत्मा और दैनिक व्यवहार में उपयोग की आवश्यकता

दुर्गा प्रसाद पारकर ने कहा कि छत्तीसगढ़ी हमारी माटी की महक, लोकसंस्कृति की आत्मा और जनमानस की अभिव्यक्ति है। इस भाषा में हमारी लोकगाथाएं, लोकगीत, कहावतें, मुहावरे, लोककथाएं और पीढ़ियों का अनुभव समाहित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ी भाषा का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब इसका उपयोग घर-परिवार, शिक्षा, साहित्य, प्रशासन, सामाजिक आयोजनों और दैनिक व्यवहार में बढ़े।

नई पीढ़ी को जोड़ने और संरक्षण का आह्वान

वरिष्ठ साहित्यकार ने इस बात पर विशेष बल दिया कि अपनी मातृभाषा के प्रति सम्मान का भाव केवल उत्सवों और समारोहों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे व्यवहार में अपनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को छत्तीसगढ़ी भाषा के साहित्य, लोकपरंपरा और समृद्ध शब्द-संपदा से जोड़ना आज समय की आवश्यकता है। अंत में उन्होंने प्रदेशवासियों से छत्तीसगढ़ी भाषा के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार में सहभागी बनने का आह्वान करते हुए कहा—”अपन भाखा के मान बढ़ाबो, अपन संस्कृति के पहचान बचाबो। छत्तीसगढ़ी के सम्मान म हमर छत्तीसगढ़ के सम्मान हे।”

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news