ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी से गूंजा परिसर
दुर्ग : न्यूज़ 36 : दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर को भारतीय जनता पार्टी के ओबीसी मोर्चा का राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किए जाने पर भाजपा जिला कार्यालय दुर्ग में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं ने गजमाला, पुष्पहार और पुष्पवर्षा के साथ विधायक चंद्राकर का जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया। ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के बीच पूरा कार्यालय ललित चंद्राकर जिंदाबाद के नारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि एवं नमन के साथ हुई। इसके बाद विधायक ललित चंद्राकर के कार्यालय पहुंचते ही कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारियों, मोर्चा के कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
1994 से संगठन में सक्रियता का मिला राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान : सुरेन्द्र कौशिक
जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक ने कहा कि ललित चंद्राकर की राष्ट्रीय महामंत्री पद पर नियुक्ति पूरे दुर्ग जिले के लिए गर्व और गौरव का विषय है। वर्ष 1994 से संगठन के लिए समर्पित भाव से काम करने वाला एक कार्यकर्ता आज राष्ट्रीय फलक पर पहुंचा है। यह भाजपा संगठन की ताकत और समर्पित कार्यकर्ताओं के सम्मान का प्रतीक है। राष्ट्रीय नेतृत्व ने ललित चंद्राकर पर जो विश्वास जताया है, वह दुर्ग जिले के प्रत्येक कार्यकर्ता का भी सम्मान है।
यह सम्मान मेरा नहीं, दुर्ग के हर कार्यकर्ता का है : ललित चंद्राकर
सम्मान से अभिभूत विधायक ललित चंद्राकर ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि दुर्ग के प्रत्येक देवतुल्य कार्यकर्ता का है। कार्यकर्ताओं के आशीर्वाद, मेहनत और स्नेह की बदौलत ही वे इस मुकाम तक पहुंचे हैं। पार्टी ने उन्हें जो नई जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करेंगे। ओबीसी समाज के उत्थान और संगठन की मजबूती के लिए निरंतर काम करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
सम्मान समारोह में भाजपा जिला महामंत्री दिलीप साहू एवं विनोद अरोरा, जिला उपाध्यक्ष शिवेन्द्र परिहार, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य माया बेलचंदन, दुर्ग निगम महापौर अल्का बाघमार, नगर पंचायत अध्यक्ष सरस्वती साहू, अजय तिवारी, पार्षद साजन जोसफ सहित भाजपा जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने विधायक ललित चंद्राकर को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के संकल्प के साथ समारोह का समापन हुआ।
