गरीब, मध्यमवर्गीय एवं आदिवासी बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ बंद हो
भिलाई : न्यूज़ 36 : छत्तीसगढ़ के पूर्व राज्यमंत्री बदरुद्दीन कुरैशी ने, राज्य सरकार द्वारा 207 सरकारी स्कूलों के निजीकरण किए जाने की चर्चा एवं प्रस्ताव पर गंभीर चिंता व्यक्त की। सरकारी स्कूलों का निजीकरण किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। सरकार को इस निर्णय पर तत्काल पुनर्विचार करना चाहिए और सरकारी विद्यालयों को निजी हाथों में सौंपने के बजाय उनकी शिक्षा व्यवस्था, भवन, शिक्षकों की उपलब्धता और शैक्षणिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में काम करना चाहिए। सरकारी स्कूल केवल पढ़ाई का माध्यम नहीं हैं, बल्कि गरीब, मजदूर, किसान, आदिवासी और मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चों के सपनों को पूरा करने का सबसे बड़ा सहारा हैं। आज हजारों परिवार आर्थिक तंगी के बावजूद अपने बच्चों को बेहतर भविष्य देने की उम्मीद में सरकारी विद्यालयों में पढ़ा रहे हैं। ऐसे में यदि इन विद्यालयों का निजीकरण किया जाता है तो सबसे अधिक नुकसान उन्हीं परिवारों को उठाना पड़ेगा, जिनके पास महंगी शिक्षा का खर्च उठाने की आर्थिक क्षमता नहीं है।
बदरुद्दीन कुरैशी ने, निजीकरण के बाद यदि विद्यालयों में फीस, प्रवेश शुल्क और अन्य शैक्षणिक खर्चों का बोझ बढ़ता है तो गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार अपने बच्चों की पढ़ाई आखिर कैसे जारी रख पाएंगे? जिस परिवार के लिए दो वक्त की रोटी और रोजमर्रा का खर्च जुटाना मुश्किल है, वह अपने बच्चों की शिक्षा के लिए हजारों रुपये कहां से लाएगा? क्या आर्थिक कमजोरी के कारण गरीब परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के अवसरों से वंचित कर दिया जाएगा? विशेष रूप से छत्तीसगढ़ के आदिवासी एवं दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों के लिए सरकारी स्कूल शिक्षा का सबसे महत्वपूर्ण आधार हैं। निजीकरण की किसी भी व्यवस्था में यदि फीस और अन्य खर्चों का बोझ बढ़ता है तो इन बच्चों की पढ़ाई बीच में छूटने का गंभीर खतरा पैदा हो सकता है। शिक्षा किसी की आर्थिक हैसियत पर निर्भर नहीं होनी चाहिए, बल्कि प्रत्येक बच्चे को समान अवसर मिलना चाहिए।
देश और प्रदेश में ऐसे अनेक उदाहरण हैं, जहां सरकारी विद्यालयों में पढ़कर निकले विद्यार्थियों ने आगे चलकर बड़े अधिकारी, डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक और विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर पहुंचकर समाज एवं देश का नाम रोशन किया है। सरकारी स्कूलों ने पीढ़ियों को शिक्षित किया है और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को अपने पैरों पर खड़े होने का अवसर दिया है। इसलिए आवश्यकता सरकारी स्कूलों को बंद करने या निजी हाथों में सौंपने की नहीं, बल्कि उनमें शिक्षा का स्तर सुधारने, पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति करने, आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण देने की है। राज्य सरकार से मांग है कि 207 सरकारी स्कूलों के निजीकरण की दिशा में उठाए जा रहे कदमों पर तत्काल रोक लगाई जाए, इस विषय में अभिभावकों, शिक्षकों और स्थानीय समुदायों की राय ली जाए तथा सरकारी शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। सरकार यह सुनिश्चित करे कि छत्तीसगढ़ का कोई भी गरीब, आदिवासी या मध्यमवर्गीय बच्चा केवल पैसे की कमी के कारण शिक्षा से वंचित न हो। शिक्षा अधिकार है, कारोबार नहीं; सरकारी स्कूल बचेंगे, तभी गरीब और आम परिवारों के बच्चों के सपने बचेंगे।
